उत्तर प्रदेश

Bijnor: गुलदार ने दो किसानों पर किया हमला

Admindelhi1
28 March 2025 10:59 AM IST
Bijnor: गुलदार ने दो किसानों पर किया हमला
x
"ग्रामीणों में दहशत"

बिजनौर: जिले में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला चांदपुर थाना क्षेत्र के चौधेड़ी गांव का है, जहां दो किसानों पर गुलदार ने हमला कर दिया। इस हमले में एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

गांव में दहशत और प्रशासन पर नाराजगी

इस हमले के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण वन विभाग की निष्क्रियता से बेहद नाराज हैं। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसका नतीजा यह हमला है।

28 मौतों के बाद भी बेपरवाह वन विभाग

बिजनौर जिले में अब तक गुलदार के हमलों में 28 लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद वन विभाग हमलों को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। पिछले महीने इसी गांव में गुलदार ने एक महिला की जान ले ली थी, लेकिन इसके बावजूद वन विभाग ने कोई ठोस रणनीति नहीं अपनाई।

वन विभाग की लापरवाही से बढ़ा खतरा

ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर ड्रोन सर्वे किया और दावा किया कि गुलदार मौजूद नहीं है। इसके बाद जब ग्रामीण खेतों में गए तो गुलदार ने हमला कर दिया। वन रेंजर दुष्यंत सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि हमने खेत में जाल लगाया था और ड्रोन से देखा था, लेकिन गुलदार नजर नहीं आया। हमला होने के बाद वनकर्मियों परवेज, विवेक और अनीस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

ग्रामीणों की मांग: गुलदार को पकड़ा जाए या मार गिराया जाए

ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग सिर्फ औपचारिकता निभा रहा है और असली समस्या को हल करने में नाकाम है। एक ग्रामीण ने सवाल उठाया कि अगर ड्रोन से गुलदार नहीं दिखा, तो हमें खेतों में जाने की अनुमति क्यों दी गई? यदि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाते तो यह हमला नहीं होता।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गुलदार को जल्द से जल्द पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए या उसे मार गिराने की अनुमति दी जाए। अब देखना यह है कि वन विभाग इस बार कोई ठोस कदम उठाता है या फिर ग्रामीणों को इसी दहशत के साए में जीना पड़ेगा।

Next Story