उत्तर प्रदेश

Bijnor: भाजपा मंडल अध्यक्ष ने थाने में दरोगा को थप्पड़ मारा

Admindelhi1
17 March 2025 8:47 AM IST
Bijnor: भाजपा मंडल अध्यक्ष ने थाने में दरोगा को थप्पड़ मारा
x
"मुकदमा दर्ज"

बिजनौर: जिले के शेरकोट थाना परिसर में विवाद के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष ने दरोगा को थप्पड़ जड़ दिया, जिससे थाने में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल और सीओ अफजलगढ़ अंजनी कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। दरोगा की तहरीर पर भाजपा नेता समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

होली पर डीजे को लेकर हुआ विवाद

शुक्रवार को होली के अवसर पर शेरकोट क्षेत्र के परमावाला गांव में डीजे पर डांस को लेकर प्रमोद नामक युवक का गांव के तीन अन्य युवकों से झगड़ा हो गया। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष शिकायत लेकर शेरकोट थाने पहुंचे।

थाने में मंडल अध्यक्ष और दरोगा में कहासुनी

झगड़े का मामला लेकर भाजपा के बढ़ापुर मंडल अध्यक्ष भीम सिंह उर्फ सचिन सैनी भी एक पक्ष के समर्थन में थाने पहुंचे। मेडिकल कराने को लेकर उनकी दरोगा बिजेंद्र राठी से बहस हो गई। इसी दौरान भीम सिंह ने दरोगा को थप्पड़ मार दिया, जिससे थाने में हंगामा खड़ा हो गया।

पुलिस अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में नोकझोंक

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल और सीओ अंजनी कुमार तुरंत थाने पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी थाने पहुंचकर पुलिस से बहस शुरू कर दी, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

सीओ अंजनी कुमार ने बताया कि भाजपा मंडल अध्यक्ष ने थाने में दरोगा के साथ हाथापाई की। इस पर दरोगा बिजेंद्र राठी की तहरीर के आधार पर भीम सिंह समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Story