- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bijnor: दूल्हे की हरकत...
Bijnor: दूल्हे की हरकत से नाराज़ दुल्हन ने किया रिश्ता खत्म

बिजनौर: जिले के गांव मायापुरी में एक शादी समारोह उस वक्त तनाव में बदल गया, जब बरात चढ़त के दौरान दूल्हे और दुल्हन पक्ष के बीच विवाद हो गया। हालात इतने बिगड़े कि दुल्हन ने फेरे लेने से इनकार कर दिया और बरात को बिना दुल्हन के लौटना पड़ा।
घटना मंडावली थाना क्षेत्र के ग्राम भागूवाला से आई बरात की है। देवेन्द्र की बेटी राधा की शादी की तैयारियां पूरी थीं। बरात के आगमन और भोज के बाद जब चढ़त का कार्यक्रम चल रहा था, तब कुछ युवकों ने जबरन डांस रुकवाने की कोशिश की। इस दौरान दुल्हन का भाई रोहित जब अगली रस्मों के लिए निवेदन करने पहुंचा, तो कुछ बरातियों ने उसकी पिटाई कर दी।
विवाद बढ़ा तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी बीच दूल्हा तरुण ने दुल्हन के पिता देवेन्द्र का गिरेबान पकड़ लिया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत तो हुआ, लेकिन दुल्हन पक्ष ने शादी तोड़ने का फैसला कर लिया।
ग्रामीणों ने समझौते की कोशिश में तीन बार पंचायत की और दूल्हे से दुल्हन के पिता से माफी मांगने को कहा, लेकिन जब तरुण ने माफी नहीं मांगी, तो दुल्हन ने भी शादी से साफ इनकार कर दिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुल्हन राधा की तहरीर पर दूल्हे तरुण सहित धर्मेंद्र, कमल सिंह, अरुण और राहुल के खिलाफ मारपीट और अशांति फैलाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर शुरुआत में ही संयम रखा जाता तो शादी टूटने तक नौबत न आती।





