- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- हरीश द्विवेदी की मां...
उत्तर प्रदेश
हरीश द्विवेदी की मां को श्रद्धांजलि देने आज बस्ती आएंगे बिहार के मुख्यमंत्री
nidhi
21 Oct 2026 11:30 AM IST

x
तेलियाजोत में श्रद्धांजलि कार्यक्रम
बस्ती: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी की दिवंगत मां यशोदा देवी को श्रद्धांजलि देने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बुधवार, 21 अक्टूबर को बस्ती आगमन प्रस्तावित है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह नगर थाना क्षेत्र के तेलियाजोत गांव स्थित हरीश द्विवेदी के पैतृक आवास पहुंचेंगे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात करेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, बिहार के मुख्यमंत्री दोपहर करीब डेढ़ बजे हेलीकॉप्टर से बस्ती पहुंचेंगे। उनके आगमन के लिए प्राथमिक विद्यालय कूड़ी के पास हेलीपैड तैयार किए जाने की जानकारी है। वहां से वह सड़क मार्ग से तेलियाजोत जाएंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने और परिवार से मुलाकात के बाद उनके वापस हेलीपैड पहुंचकर रवाना होने का कार्यक्रम है। यशोदा देवी के निधन के बाद हरीश द्विवेदी के पैतृक आवास पर संवेदना व्यक्त करने के लिए जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों का आगमन जारी है। इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार, 18 अक्टूबर को तेलियाजोत पहुंचे थे। उन्होंने दिवंगत के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया। उनके दौरे के दौरान हेलीपैड और आवास तक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी रविवार को तेलियाजोत पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर चुके हैं। दोनों नेताओं ने हरीश द्विवेदी और उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की थी। इससे पहले शनिवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े और सुनील बंसल समेत कई पदाधिकारी भी पैतृक आवास पहुंचे थे। उन्होंने दिवंगत यशोदा देवी को श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
Next Story





