उत्तर प्रदेश

एसपी कार्यालय के सामने हुआ बड़ा हंगामा, पत्नी ने पति पर लगाया गंभीर आरोप

Shantanu Roy
27 May 2022 4:31 PM GMT
एसपी कार्यालय के सामने हुआ बड़ा हंगामा, पत्नी ने पति पर लगाया गंभीर आरोप
x
बड़ी खबर

उत्तर प्रदेश। अलीगढ़ में एसएसपी कार्यालय के सामने सड़क पर शुक्रवार को बीच सड़क जमकर हंगामा हुआ। ससुरालियों से परेशान महिला ने अपने पति को सड़क पर दौड़ा लिया और उनकी पिटाई कर दी। बीच बचाव करने में ससुर से भी उसकी हाथापई हो गई। आने जाने वाले लोगों ने बीच में पड़कर मामला शांत कराया। पीड़िता ने आरोप लगाया क उसका अपने पति से विवाद चल रहा है, जिसकी समझौता वार्ता के लिए वह महिला थाने आई थी। लेकिन जब भी वह सुनवाई में आती है तो उसका पति उसके पीछे गुंडे लगा देता है। शुक्रवार को भी उसने ऐसा ही किया, जिससे नाराज होकर महिला ने उसकी सरेराह पिटाई कर दी।


तीन साल पहले हुई थी दोनों की शादी

अलीगढ़ के खैर थाना क्षेत्र के गांव बरखा निवासी चित्रा ने बताया कि उसकी लगभग तीन साल पहले बुलंदशहर के पानीगढ़ी निवासी युवक के साथ शादी हुई थी। जिसके बाद दोनों का एक बेटा भी है। शादी के बाद उसे पता चला कि उसके पति का अन्य लड़कियों के साथ अवैध संबंध है। जब उसने इस बात का विरोध किया तो पति ने उसे मारना पीटना शुरू कर दिया। जिसके बाद दोनों के बीच अलीगढ़ के परिवार परामर्श केंद्र में समझौता वार्ता चल रही है।
रुपए देकर अलग करना चाहता है पति
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति उससे तलाक लेना चाहता है। इसलिए वह लगातार उसके ऊपर दबाव बना रहा है। चित्रा ने बताया कि पति उसे 6-7 लाख रुपए देकर तलाक चाहता है। जबकि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। चित्रा ने बताया कि उसका एक बेटा है और वह अपने ससुराल में रहना चाहती है। इसलिए उसने तलाक देने से मना कर दिया। लेकिन दूसरी महिलाओं से अवैध संबंधों के कारण पति उसके ऊपर लगातार दबाव बना रहा है। जब भी वह बाहर निकलती है तो वह उसके पीछे गुंडों को लगा देता है और जान से मारने की धमकी देता है।
सड़क पर देखने वालों की लगी भीड़
महिला ने जब अपने पति को पीटना शुरू किया तो देखने वालों की भीड़ लग गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोपी युवक ने अपने ससुर के साथ मारपीट शुरू कर दी और दोनों में सड़क पर ही गुत्थम गुत्थी होने लगी। जैसे तैसे लोगों ने दोनों पक्षों को अलग किया। जिसके बाद दोनों पक्ष एक दूसरे को भला बुरा बोलते रहे। लड़का अपने पिता के साथ अलीगढ़ आया था और लड़की के साथ भी उसका पिता आया था। हंगामे के बाद दोनों के पिता एक दूसरे से माफी मांगते नजर आए।
Next Story