- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- भ्रष्टाचार का बड़ा...
भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा, ARTO के ठिकानों से मिला करोड़ों का माल

उत्तर प्रदेश: राजधानी लखनऊ में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में रिटायर्ड एआरटीओ (ARTO) ललित कुमार के घर पर सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बरामद संपत्ति और कीमती सामान देखकर विजिलेंस अधिकारी भी हैरान रह गए। जांच में करीब 35 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ है। विजिलेंस टीम ने ललित कुमार के लखनऊ स्थित चंद्रलोक कॉलोनी, अलीगंज आवास पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई मंगलवार से शुरू हुई और बुधवार दोपहर तक चली। इस दौरान टीम को घर से भारी मात्रा में नकदी, सोना-चांदी, आभूषण और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले।
छापेमारी में करीब 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और लगभग 1 करोड़ 62 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा सोने-चांदी के बिस्किट, हीरे के आभूषण और अन्य महंगी वस्तुएं भी मिलीं। विजिलेंस के अनुसार, बरामद सामान और दस्तावेजों के आधार पर आरोपी की कुल संपत्ति करीब 35 करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि जांच आगे बढ़ने पर संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद उत्तर प्रदेश के डीजीपी और डीजी विजिलेंस राजीव कृष्ण ने छापेमारी करने वाली विजिलेंस टीम की सराहना की है। उन्होंने टीम को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। जानकारी के मुताबिक, आगरा के तत्कालीन एआरटीओ ललित कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में वर्ष 2024 में कानपुर एंटी करप्शन थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। शासन के निर्देश पर मामले की जांच विजिलेंस लखनऊ सेक्टर की टीम कर रही थी। जांच के दौरान भ्रष्टाचार से जुड़े कई अहम साक्ष्य मिलने के बाद कोर्ट से अनुमति लेकर यह छापेमारी की गई।
विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अधिकारी के घर से कई संपत्तियों के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। जांच में लखनऊ, नोएडा, रायबरेली और बाराबंकी में कई जमीनों, मकानों और फ्लैटों की जानकारी सामने आई है। बरामद दस्तावेजों में लखनऊ के अलीगंज में आवासीय मकान और भूखंड, मोहनलालगंज क्षेत्र में कृषि भूमि, इस्माइलगंज और इंदिरानगर में संपत्तियां, अंसल एपीआई लखनऊ में फ्लैट बुकिंग, नोएडा की कई योजनाओं में फ्लैट बुकिंग और बाराबंकी व रायबरेली में कृषि भूमि शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान विजिलेंस टीम को दो लग्जरी कारें भी मिलीं, जिनमें इनोवा और आई-20 शामिल हैं। इसके अलावा एक रिवॉल्वर, विभिन्न बैंकों और पोस्ट ऑफिस में निवेश से जुड़े दस्तावेज, म्यूचुअल फंड, फिक्स्ड डिपॉजिट समेत करीब एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की जानकारी भी मिली है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अधिकारी ने अपने घर की सजावट और घरेलू उपकरणों पर भी बड़ी रकम खर्च की थी। विजिलेंस टीम ने इन खर्चों का भी रिकॉर्ड तैयार किया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि घर की साज-सज्जा पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं।
विजिलेंस अब बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आय से अधिक संपत्ति के इस मामले में आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं।





