- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Noida कलेक्ट्रेट में...
Noida कलेक्ट्रेट में उद्योगों को लेकर बड़ी बैठक, डीएम ने अफसरों को दिए समाधान के निर्देश

Noida नोएडा : गौतमबुद्धनगर में औद्योगिक विकास, निवेश को बढ़ावा देने और उद्योगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने गुरुवार को महत्वपूर्ण बैठक की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के पदाधिकारियों और जिले के संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना और उद्यमियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना रहा। इस दौरान आईबीए के पदाधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी कई प्रमुख समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं और उनके समाधान के लिए सुझाव भी दिए।
उद्यमियों ने उठाए कई मुद्दे
बैठक में उद्यमियों ने सबसे प्रमुख रूप से बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को उठाया। उन्होंने अनियोजित विद्युत कटौती से होने वाली परेशानियों के बारे में अधिकारियों को अवगत कराया। इसके अलावा जल कनेक्शन, जलापूर्ति में आ रही दिक्कतों और पानी के बिलों के उचित निस्तारण की मांग भी रखी गई।उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव और खराब ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान कई क्षेत्रों में पानी भरने से उद्योगों के कामकाज पर असर पड़ता है। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।बैठक में जीएसटी और सीजीएसटी नोटिस से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं पर भी चर्चा हुई। उद्यमियों ने मांग की कि विभागीय स्तर पर नियमित समन्वय बैठकें आयोजित की जाएं, ताकि उद्योगों से जुड़े मामलों का समाधान जल्द हो सके।
डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने उद्यमियों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्धनगर में उद्योगों के लिए बेहतर और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।उन्होंने आश्वासन दिया कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर संबंधित विभागों के माध्यम से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। डीएम ने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का स्थायी समाधान कराया जाएगा।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया जाए और वहां मौजूद समस्याओं की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण किया जाए।
निवेश और रोजगार बढ़ाने पर जोर
डीएम ने कहा कि निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होने से जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी। इससे न केवल निवेश को बढ़ावा मिलेगा बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उद्योगों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ काम किया जाए और किसी भी समस्या को लंबे समय तक लंबित न रखा जाए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अरुण कुमार, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित उपाध्याय समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।





