- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- पुलिस का बड़ा खुलासा,...
उत्तर प्रदेश
पुलिस का बड़ा खुलासा, जमीन के लिए बड़े भाई ने की थी सोमवीर और खुशबू की हत्या
Admin4
17 Dec 2022 6:54 PM GMT

x
बदायूं। कोतवाली दातागंज क्षेत्र के गांव लहडौरा में गुरुवार की सुबह हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके दो को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने जांच की तो चौकाने वाला मामला सामने आया। जमीन के लालच में बड़े भाई ने ही छोटे भाई और उसकी पत्नी की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर आलाकत्ल नल के हत्था, कुल्हाड़ी और खून से सनी शर्ट बरामद की है। शुक्रवार को एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने आरोपियों के बारे में जानकारी दी।
गुरुवार को गांव निवासी सोमवीर पुत्र कन्हई और उनकी पत्नी खुशबू पर चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान उनके सिर पर प्रहार किया गया। दोनों की मौत हो गई थी। सोमवीर के बड़े भाई उदयवीर ने पुलिस को सूचना देकर अपने चाचा अमर सिंह, चचेरे भाई सत्येंद्र और तीन अज्ञात लोगों पर संपत्ति के विवाद को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया था। कहा कि हमलावरों ने उसे कमरे में बंद करके दोनों हत्याएं की हैं। मृतक के पिता कन्हई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज हुई। प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह ने दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में भी लिया गया।
पुलिस को उदयवीर द्वारा बताया जा रहा घटनाक्रम हजम नहीं हो रहा था। हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों के अलावा उदयवीर से पूछताछ की। उसके द्वारा बताई गई घटना और साक्ष्य मेल नहीं खा रहे थे। पुलिस को उसपर ही शक हुआ। पहले साक्ष्य जुटाए और फिर उदयवीर को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव, एसओ दातागंज सौरभ सिंह, उपनिरीक्षक शिवेंद्र सिंह भदौरिया मौजूद रहे।
उदयवीर की झूठी कहानी को एक बार पुलिस मान भी लेती लेकिन घटना वाले दिन उदयवीर द्वारा बताने के बाद पुलिस ने जब आरोपियों के घर दबिश दी तो आरोपी अमर सिंह और उनका बेटा सत्येंद्र घर पर सो रहे थे। पुलिस को उसी दिन ही शक हो गया था कि उदयवीर की बातों में झोल है। पुलिस ने जांच की बात पता चला कि उदयवीर ने नल के हत्थे व कुल्हाड़ी से सिर पर कई वार करके हत्याएं की थी। कमरे के बाहर से ताला लगाकर टूटी खिड़की से कमरे में बंद हो गया था। उदयवीर ने पुलिस को बताया था कि उसने डायल 112 को सूचना दी थी। कहा था कि वह कमरे में बंद हो गया था जबकि पुलिस की जांच में पता चला कि टूटी खिड़की से कोई भी अंदर-बाहर जा सकता है तो वह कैसे बाहर नहीं आया। पुलिस के सवालों में फंसने लगा तो उसने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे समरेर मार्ग के गांव कमां के पास से गिरफ्तार कर लिया।
मृतक के पिता कन्हई के पांच बेटे थे। जिसमें तीन की शादी हो गई थी और दो लोग ओमवीर व सोमवीर अविवाहित थे। कन्हई के पिता के नाम 40 बीघा जमीन और बरेली के फरीदपुर में एक प्लाट था। बड़े बेटे बुधपाल के नाम 7 बीघा, दूसरे बेटे धर्मवीर को 4 बीघा और उदयवीर को फरीदपुर वाला प्लाट दिया था जबकि सोमवीर के नाम पर साढ़े 6 बीघा जमीन अलग से कर दी थी। कन्हई की बाकी जमीन की देखरेख भी सोमवीर ही करता था। सोमवीर ने ट्रैक्टर खरीदने के लिए कुछ जमीन भी बेची थी। जिससे उदयवीर तिलमिला गया था। उदयवीर सोमवीर की शादी के खिलाफ था। डेढ़ वर्ष पहले शादी होने के बाद जब खुशबू गर्भवती हुई तो उदयवीर और गुस्से में आ गया। जिसके चलते उसने सोमवीर और उनकी पत्नी खुशबू की हत्या की साजिश रची।

Admin4
Next Story