उत्तर प्रदेश

राइस मिलर पर बड़ी कार्रवाई, मिल के बाद अब नीलाम होगा मकान

Kunti Dhruw
31 May 2022 10:24 AM GMT
राइस मिलर पर बड़ी कार्रवाई, मिल के बाद अब नीलाम होगा मकान
x
फतेहगंज पूर्वी की सार इन्पेक्स राइस मिल के संचालक पर सरकारी चावल का उतार (सीएमआर) में गबन के आरोप में बीते माह मिल की नीलामी हुई थी।

बरेली, फतेहगंज पूर्वी की सार इन्पेक्स राइस मिल के संचालक पर सरकारी चावल का उतार (सीएमआर) में गबन के आरोप में बीते माह मिल की नीलामी हुई थी। नीलामी से हड़पी गई धनराशि की रिकवरी पूरी न हो पाने पर अब मिल संचालक के महानगर स्थित आवास की नीलामी आठ जून को होगी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुनील भारती ने बताया कि राइस मिलर आशीष मोहन ने 4.14 करोड़ रुपये का चावल हड़प लिया था। जांच में मामला पकड़े जाने पर राइस मिल सीज कर दी गई थी, लेकिन राइस मिलर ने पूर्व में सीज किए गए धान और चावल बेच दिया। राइस मिलर के खिलाफ एफआइआर कराने के बाद बीते दिनों मिल को नीलाम करने का आदेश हुआ था।

जिसमें मिल 58 लाख 80 हजार रुपये में नीलाम हुई थी। पूरी तरह से रिकवरी नहीं होने पर अब आशीष मोहन के मकान की नीलामी की जा रही है। जिसके लिए उप जिलाधिकारी सदर ने आठ जून दोपहर दो बजे से नीलामी का समय रखा है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुनील भारती ने बताया कि पूर्व में राइस मिलर से 3.17 करोड़ की रिकवरी की जा चुकी है।
लगभग 83 लाख रुपये अभी भी रिकवर किये जाने बाकी हैं। जिसके चलते राइस मिलर की संपत्तियां नीलाम की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि राइस मिल को पहले ही नीलाम कर दिया गया है। महानगर स्थित 1800 स्कवायर फीट का बना हुआ मकान नीलाम किया जाएगा। मकान की कुर्की पहले ही की जा चुकी है और आठ जून को इसकी नीलामी होगी।
Next Story