उत्तर प्रदेश

भूपेंद्र चौधरी बोले- चुनाव नतीजे बताते हैं कि जाट किधर हैं, संगठन का एजेंडा पूरा कर रही योगी सरकार

Rani Sahu
25 Aug 2023 3:28 PM GMT
भूपेंद्र चौधरी बोले- चुनाव नतीजे बताते हैं कि जाट किधर हैं, संगठन का एजेंडा पूरा कर रही योगी सरकार
x
उत्तरप्रदेश : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का कहना है कि लोकतंत्र में कौन किसके साथ है, यह पार्टी के नंबर तय करते हैं। जाट वोट बैंक के लिए रालोद से गठबंधन के सवाल पर चौधरी ने कहा कि पिछले चुनावों के परिणाम इस बात के गवाह हैं कि कौन किसके साथ है। जनता को सब मालूम है। अध्यक्ष पद के कार्यकाल का एक साल पूरा करने जा रहे भूपेंद्र चौधरी ने बृहस्पतिवार को अमर उजाला से बातचीत में कहा कि योगी सरकार भाजपा के एजेंडे को शत प्रतिशत पूरा कर रही है, लोकसभा चुनाव में सभी 80 सीटें भाजपा जीतेगी। चौधरी ने कहा कि 2017, 2019, 2022 में जिस प्रकार सभी विपक्षी गठबंधन धराशायी हुए थे, 2024 लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया का भी यूपी में वही हाल होगा। पेश है बातचीत..
एक साल में अपनी उपलब्धि क्या मानते हैं?
मुझे मिड सेशन में अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सभी अभियानों और कार्यक्रमों में यूपी को प्रथम स्थान पर रखा। नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी को अभूतपूर्व सफलता मिली। मोदी सरकार के 9 साल पूरे हाेने पर पार्टी ने बहुत अच्छे कार्य किए हैं।
आपकी चुनौतियां क्या हैं?
हमेशा अच्छा और बेहतर काम करने की चुनौती है। नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जो काम किए जा रहे हैं वह जन जन तक पहुंचाना है।
सरकार और संगठन के बीच समन्वय कैसा है?
सरकार और संगठन के बीच बहुत अच्छा तालमेल है। सरकार और संगठन एक सिक्के के दो पहलू हैं। हमारे लिए गर्व की बात है कि सरकार हमारे एजेंडे पर काम कर रही है। भाजपा का एजेंडा है, जनता को सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा की सुविधा देना। गुंडागर्दी, अराजकता, भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाना।
प्रदेश में अधिकतर सीटों पर भाजपा के सांसद और विधायकों में टकराव है, इसे रोकने के लिए क्या प्रयास कर रहे हैं?
भाजपा में समन्वय है। सार्वजनिक जीवन में लोग अपेक्षा के साथ काम करते हैं। लेकिन जब किसी के पक्ष में पार्टी का निर्णय आता है तो पूरी भाजपा उस निर्णय के साथ खड़ी होती है। चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ता नेतृत्व के निर्णय का पालन करते हैं।
एक साल पूरा हो रहा है, अभी तक जिलाध्यक्षों की नियुक्ति और क्षेत्रीय टीमों का गठन क्यों नहीं हो सका है?
प्रदेश की टीम पूरी बन गई है, कुछ जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के लिए रायशुमारी कर रहे हैं। हमारे यहां सामूहिक निर्णय होते हैं, जल्द ही आंशिक पुनर्गठन होगा। आयोगों, निगमों में भी नियुक्तियाें के लिए होम वर्क जारी है। बहुत जल्द ही सरकार के नाम देंगे।
लोकसभा चुनाव में सभी 80 सीटें जीतने और 60 प्रतिशत मत हासिल करने का लक्ष्य कैसे प्राप्त करेंगे?
संगठन लगातार जनता के बीच काम कर रहा है। सरकार बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचा रही है। सरकार के कामकाज के प्रति जनता का विश्वास है। वह विश्वास चुनाव परिणाम में झलकता है। भाजपा शत प्रतिशत सीटें जीतेगी।
Next Story