उत्तर प्रदेश

यूपी चुनाव से पहले ब्रज में अमित शाह ने कल्याण सिंह को किया याद, दिया 2014 से 2019 तक की जीतों का क्रेडिट

Renuka Sahu
27 Dec 2021 5:04 AM GMT
यूपी चुनाव से पहले ब्रज में अमित शाह ने कल्याण सिंह को किया याद, दिया 2014 से 2019 तक की जीतों का क्रेडिट
x

फाइल फोटो 

उत्तरप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए अब ज्यादा वक्त शेष नहीं है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। उत्तरप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए अब ज्यादा वक्त शेष नहीं है। रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कासगंज में अपनी पहली 'जन विश्वास' (जन विश्वास) रैली में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की विरासत का जिक्र किया। अमित शाह ने दिवंगत कल्याण सिंह को अपने राजनीतिक जीवन का मार्गदर्शक बताया और यह कह दिया कि बिना उनके मार्गदर्शन के 2014, 2017 और 2019 चुनाव जीतना असंभव था। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा की लगातार चौथी जीत के लिए प्रेरणा भी बताया।

रविवार को यूपी के कासगंज में एक रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ही पहले शख्स थे जिन्होंने पहली बार प्रदेश में पिछड़ी जातियों की बात की थी। दिवंगत कल्याण सिंह के लिए बाबूजी का संबोधन करते हुए शाह ने कहा कि यही कारण रहा कि पिछड़ी जातियों में उनका वर्चस्व रहा, इसे सिंह की 'कर्मभूमि' के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि सिंह के मार्गदर्शन के बिना 2014, 2017 और 2019 के चुनाव जीतना असंभव होता और 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को लगातार चौथी जीत के लिए प्रेरणा बताया।
ब्रज जिलों में कल्याण सिंह की खासी पैठ
शाह ने भाजपा के गढ़ ब्रज क्षेत्र में अपनी जन विश्वास यात्रा की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री रहते हुए कल्याण सिंह भाजपा के बड़े प्रभावशाली नेता थे। वो लोध राजपूत जाति के थे। उनका ब्रज के कई जिलों में पकड़ मानी जाती थी। ब्रज जिलों में शाक्य और यादव जाति के साथ लोध राजपूतों की संख्या भी काफी है। यूपी विधानसभा चुनाव से ऐन पहले लोध राजपूतों को एकजुट करने के लिए शाह ने कल्याण सिंह के जरिए वोट साधने की कोशिश की है।
राम मंदिर आंदोलन में कल्याण सिंह की भूमिका
दिसंबर 1992 में बाबरी मस्जिद ध्वस्त से पहले सीएम के रूप में कल्याण सिंह ने मुख्यमंत्री रहते हुए राम मंदिर आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभाई थी। ऐसे में यूपी चुनाव से पहले कल्याण सिंह का जिक्र करके अमित शाह ने एक तीर से कई निशाने साधे हैं।
योगी की कमान और कल्याण सिंह का जिक्र
यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा की कमान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कंधों पर है। प्रदेश में विकास योजनाओं और गुंडा राज खत्म करने का दावा करने वाली भाजपा सरकार को इस बार चुनाव में कल्याण सिंह की भी जरुरत महसूस हो रही है। कारण साफ है एक ओर भाजपा है और दूसरी ओर एकजुट विपक्ष। ऐसे में अमित शाह ने यूपी के पूर्व सीएम और पार्टी के फायरब्रांड नेता रह चुके कल्याण सिंह का जिक्र करके चुनाव में बड़ा दांव खेला है।
कल्याण सिंह की तारीफ में क्या बोले अमित शाह
अमित शाह ने रैली में कहा, "अगर बाबूजी ने मुझे रास्ता नहीं दिखाया होता तो 2014, 2017 और 2019 सभी जीतना असंभव था। कल्याण सिंह ही थे जिन्होंने पहली बार यूपी में सुशासन का विषय पेश किया, पहली बार पिछड़ों की बात की और पिछड़ों को उनके अधिकार देने की पहल की।"


Next Story