उत्तर प्रदेश

भाई को बचाने दौड़ा तो पीटा, दांत तोड़े: जमीन विवाद में युवक की हत्या

jantaserishta.com
26 Nov 2026 8:13 AM IST
भाई को बचाने दौड़ा तो पीटा, दांत तोड़े: जमीन विवाद में युवक की हत्या
x
फैली सनसनी.
बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नूरपुर में 20 गज जमीन को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश में 37 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि खाना देकर घर लौट रहे अरवेंदर सिंह पूरन को रास्ते में घेरकर चाकू और तलवार से हमला किया गया. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई गुरचरन सिंह के साथ भी मारपीट की गई. आरोप है कि हमले में उनके दांत टूट गए और शरीर पर कई जगह चोटें आईं. मृतक के परिवार ने तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दी है.
घटना मंगलवार रात करीब 9 से 9:30 बजे की बताई जा रही है. अरवेंदर सिंह पूरन नूरपुर के मोहल्ला गोविंद नगर में इकबाल सिंह को खाना देने गए थे. खाना देकर लौटते समय पिल्खन के पेड़ के नीचे पहले से मौजूद लोगों ने उन्हें घेर लिया.
मृतक के भाई गुरचरन सिंह की शिकायत के मुताबिक, हमलावरों के पास चाकू और तलवार थीं. आरोप है कि सुरजीत सिंह और परविंदर सिंह ने अरवेंदर को पकड़ लिया, जबकि हरविंदर सिंह ने तलवार से उनकी गर्दन पर वार किया.
हमले में अरवेंदर गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के दौरान अरवेंदर के भाई गुरचरन सिंह भी उनके साथ थे. उन्होंने भाई को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की. शिकायत के मुताबिक, इस हमले में उनके दांत टूट गए और शरीर पर कई जगह चोटें आईं.
गुरचरन सिंह का आरोप है कि वारदात के बाद हमलावर धमकी देकर मौके से चले गए. उन्होंने शिकायत में यह भी कहा है कि आरोपियों ने दूसरे भाई को भी मौका मिलने पर मारने की धमकी दी. परिवार ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और 20 गज जमीन के विवाद को वजह बताया है. गुरचरन सिंह के मुताबिक, घटना से तीन दिन पहले गुरुद्वारे के प्रधान जसपाल सिंह ने उन्हें सूचना दी थी कि कुछ लोग दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं.
आरोप है कि उन्हें 24 नवंबर को गुरुद्वारे के कार्यक्रम में आने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी. इसी डर से दोनों भाई कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे. परिवार ने अपनी और अन्य सदस्यों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है.
अरवेंदर सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजन और सिख समुदाय के लोग सरकारी अस्पताल पहुंच गए. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति रही.
सूचना मिलने पर सीओ देश दीपक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया. मृतक के भाई गुरचरन सिंह ने अपनी शिकायत में हरविंदर सिंह, परविंदर सिंह और सुरजीत सिंह के नाम बताए हैं. इसके अलावा दो अज्ञात लोगों पर भी हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल परिवार की शिकायत में लगाए गए आरोपों और हत्या के पीछे बताए जा रहे जमीन विवाद की जांच के बाद ही घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story