- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- बैटरी धमाके से दहला...
बैटरी धमाके से दहला आली सराय, इलेक्ट्रिक स्कूटी समेत तीन वाहन जले

सहारनपुर : जनपद सहारनपुर के कोतवाली मंडी क्षेत्र के मोहल्ला आली सराय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी अचानक तेज आवाज के साथ फट गई और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। हादसे में घर में खड़े तीन अन्य वाहन भी आग की चपेट में आ गए, जबकि घरेलू सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली मंडी क्षेत्र के मोहल्ला आली सराय की फैज अली गली नंबर-6 निवासी शाहिद मंसूरी के घर में इलेक्ट्रिक स्कूटी खड़ी हुई थी। बताया जा रहा है कि अचानक स्कूटी की बैटरी में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद उसमें आग लग गई। बैटरी फटने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी सहम गए और तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े।
कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया। स्कूटी के पास खड़े तीन अन्य वाहन भी आग की चपेट में आ गए। आग की लपटें घर के अंदर रखे सामान तक पहुंच गईं, जिससे इन्वर्टर, बैटरी, फर्नीचर, बिजली के उपकरण और अन्य घरेलू सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोग बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर काबू पा लिया। इस दौरान आसपास के लोगों ने भी परिवार की मदद की और घर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आग आसपास के मकानों तक फैल सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था। आग बुझ जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से परिवार को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों में बैटरी से जुड़ी घटनाओं को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर चार्जिंग के दौरान बैटरी की स्थिति, वायरिंग और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि स्थानीय लोगों के प्रयास से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। हादसे के बाद परिवार नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है और लोग इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं।





