उत्तर प्रदेश

Bareilly: गाली-गलौज रोकने पर युवक को मार डाला

Admindelhi1
20 Oct 2025 2:38 PM IST
Bareilly: गाली-गलौज रोकने पर युवक को मार डाला
x
आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई

बरेली: जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र मे शनिवार रात गांव कुतुबपुर मे गाली-गलौज का विरोध करने पर युवक को पीटकर मार डाला गया। घटना के बाद आरोपी भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर निवासी चंद्रप्रकाश ने बताया कि उनका भाई रामभरोसे (30 वर्ष) पुताई का काम करता था। वह शनिवार शाम घर के बाहर खड़ा था, तभी गांव का आनंद प्रकाश शराब के नशे में घर के सामने से निकला। वह भाई को देखकर गाली-गलौच करने लगा।

रामभरोसे ने विरोध किया तो वह गाली-गलौज करते हुए अपने घर चला गया। रात मे करीब पौने नौ बजे आनंद प्रकाश अपने भाई रामेश्वर, लालता प्रसाद, जगतपाल, सोनिया एवं रामकली के साथ लाठी-डंडे लेकर घर पर आ धमका। उक्त लोगों ने रामभरोसे पर हमला कर दिया। जिससे वह जमीन पर गिर गया। उसके चीखने पर चंद्रप्रकाश और उनके पिता मौके पर पहुंचे तो आरोपी लाठी-डंडे से रामभरोसे को पीट रहे थे। उन्होंने बमुश्किल उसे बचाया। इस बीच आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। परिजन गंभीर घायल रामभरोसे को लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद चंद्रप्रकाश ने पुलिस को सूचना दी। रात में ही सीओ मीरगंज अजय कुमार एवं थानाध्यक्ष प्रयागराज सिंह मौके पर पहुंचे।

घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सीओ अजय कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थानाध्यक्ष प्रयागराज सिंह ने बताया कि आनंद प्रकाश, रामेश्वर, लालता प्रसाद, जगतपाल, सोनिया व रामकली के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Next Story