उत्तर प्रदेश

Bareilly: पुल पर मृत मिला युवक, जमकर हंगामा रोड किया जाम ;रिपोर्ट दर्ज

Tara Tandi
16 Feb 2025 11:38 AM IST
Bareilly बरेली : पुलिस हार्टमन पुल पर शुक्रवार रात मृत अवस्था में मिले गढ़ी चौकी निवासी 21 वर्षीय सचिन की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच करेगी। पहले पुलिस इसे सड़क हादसा बता रही थी लेकिन देर रात उसके परिजनों ने लोहे की रॉड सिर में मारकर हत्या करने का आरोप लगाया और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इसके बाद अफसरों ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सचिन शुक्रवार रात 12 बजे के पास किला के रहने वाले अपने एक दोस्त के साथ पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात हार्टमैन पुल के पास उसके घायल पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस के पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद हादसे में मौत होना मानकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। सचिन का परिवार हत्या का आरोप लगा रहा है। परिवार के दिनेश का कहना है कि उसके सिर पर लोहे की रॉड मारी गई है। आरोप है कि सचिन के साथ उसका जो दोस्त गया था, वह घर छोड़कर फरार हो गया है।
परिजनों ने मोहल्ले वालों के साथ सड़क पर शव रखकर देर रात जाम लगाने के साथ जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ संदीप सिंह, सीओ पंकज श्रीवास्तव ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया। एसपी सिटी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सड़क हादसे में ही मौत होने की पुष्टि हुई है। लेकिन परिजनों के आरोपों के मद्देनजर उनसे तहरीर लेकर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
Next Story