उत्तर प्रदेश

Bareilly: पैसों के लेनदेन में भिड़े दो पक्ष

Admindelhi1
16 May 2025 11:43 AM IST
Bareilly: पैसों के लेनदेन में भिड़े दो पक्ष
x
दर्ज हुई क्रॉस FIR

बरेली: इज्जतनगर थाना क्षेत्र की आशुतोष सिटी में मंगलवार रात लेन-देन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, फायरिंग भी हुई। दोनों ओर से जानलेवा हमले के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आशुतोष सिटी निवासी अनिल वाधवा ने बताया कि उनके बेटे शिवम वाधवा का मोहल्ले के ही शिवांश मिश्रा उर्फ सोना से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम शिवम जब पैसे मांगने गया तो शिवांश ने टालमटोल कर दी।

बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े 10 बजे गेट नंबर-1 के पास दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। शिवांश पर आरोप है कि वह अपने साथ मौजूद लोगों के साथ मिलकर शिवम से मारपीट करने लगा और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।

वहीं दूसरी ओर, शिवांश मिश्रा ने भी पुलिस को शिकायत दी है कि शिवम वाधवा लगातार उस पर पैसे लौटाने का दबाव बना रहा था और जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। मंगलवार रात जब वह गेट नंबर-1 के पास खड़ा था, तभी शिवम, रोहन ठाकुर, तुषार मिश्रा और दो अन्य युवक एक चार पहिया वाहन में सवार होकर वहां पहुंचे।

शिवांश का आरोप है कि उनमें से एक ने उस पर तमंचे से फायर किया, जिससे वह किसी तरह जान बचाकर भागा।

पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौके से CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Next Story