उत्तर प्रदेश

Bareilly: जमीन खाली कराने के लिए ज्योरा मकरंदपुर में ट्रैक्टर का इस्तेमाल

Admindelhi1
9 Jan 2026 3:11 PM IST
Bareilly: जमीन खाली कराने के लिए ज्योरा मकरंदपुर में ट्रैक्टर का इस्तेमाल
x

बरेली: जनपद की नवाबगंज तहसील प्रशासन ने गुरुवार को गांव ज्योरा मकरंदपुर मे वर्षों से चल रहे अवैध कब्जे पर सख्त कार्रवाई करते हुए बेशकीमती सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की पहल की। प्रशासन की मौजूदगी मे ट्रैक्टर चलवाकर सरकारी जमीन के एक हिस्से में खड़ी बरसीम की फसल को नष्ट करा दिया गया, जबकि गन्ने की फसल हटाने के लिए कब्जेदारों को दो दिन का समय दिया गया है।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत नायब तहसीलदार शोभित चौधरी प्रभारी कानूनगो श्याम सुंदर गुप्ता, क्षेत्रीय लेखपाल पूनम, लेखपाल वसीम अंसारी, उप निरीक्षक अभिषेक नागर और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान रवि बाबू से ट्रैक्टर मंगवाकर प्रशासन ने अपनी निगरानी मे बरसीन की फसल पलटवा दी। कार्रवाई के दौरान कब्जेदार संतराम के पुत्रों ने कुछ हिस्से मे खड़ी गन्ने की फसल काटने के लिए समय मांगा। इस पर नायब तहसीलदार ने लिखित रूप से दो दिन की मोहलत देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि तय समय में फसल नही हटाई गई तो गन्ने की फसल की नीलामी कर उसकी राशि सरकारी खजाने मे जमा कराई जाएगी। उल्लेखनीय है कि करीब 23 माह पूर्व गांव निवासी लालाराम ने सरकारी भूमि पर कब्जे को लेकर संतराम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

संतराम के निधन के बाद भी उनके पुत्रों द्वारा जमीन पर कब्जा बनाए रखा गया। शिकायतों के बावजूद लंबे समय तक कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों में नाराजगी थी। अब प्रशासन की इस कार्रवाई से गांव में अवैध कब्जों पर सख्ती का संदेश गया है।

Next Story