- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bareilly: टूरिस्ट बस...
Bareilly: टूरिस्ट बस ने ली मासूम की जान, घायल पिता की हालत नाजुक

बरेली: जनपद के आंवला मे मनौना धाम से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही एक टूरिस्ट बस ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि किशोरी के पिता गम्भीर घायल हो गए। वही चालक बस छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजकर किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर श्रद्धालुओं को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया है।
मनौना गांव निवासी निजाम ने बताया रविवार सुबह करीब 11 बजे उसके पिता खुशमुद्दीन उसकी बहन शिफा (15) को दवा दिलाने के लिए बाइक से आंवला जा रहे थे। इसी दौरान आंवला मनौना रोड के सूरज कोल्ड स्टोर के समीप एक बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे उसकी बहन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके पिता गम्भीर घायल हो गए। बस मे पलिया से श्रद्धालु मनौना धाम दर्शन करने आए थे। वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। परिजनों ने बताया शिफा ने इसी वर्ष 12वीं पास की थी। वह दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटी थी।
पुलिस ने मृतका के भाई की ओर से बस के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।





