उत्तर प्रदेश

Bareilly: नमाज के वक्त बैग उड़ाने वाला चोर गिरफ्तार

Admindelhi1
10 July 2025 3:58 PM IST
Bareilly: नमाज के वक्त बैग उड़ाने वाला चोर गिरफ्तार
x

बरेली: बरेली की बारादरी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए उस शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने मस्जिद में नमाज के दौरान एक बैग चोरी कर लिया था। इस बैग में कंपनी का कलेक्शन 2.5 लाख रुपये और एक रेडमी मोबाइल था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक लाख रुपये नकद, चोरी का मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।

क्या था मामला?

4 जुलाई 2025 को सहनवाज सिद्दीकी, जो एक फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट के तौर पर काम करते हैं, नमाज अदा करने खुर्रम गौटिया मस्जिद गए थे। नमाज के दौरान उन्होंने अपने बैग को मस्जिद के गेट के पास रख दिया था। इस बैग में कंपनी का कलेक्शन था। नमाज के बाद जब वह बाहर आए तो बैग गायब था। पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर बारादरी थाने में केस दर्ज किया गया।

सीसीटीवी फुटेज से पहुंची पुलिस चोर तक

घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसओजी और बारादरी थाना पुलिस की एक टीम बनाई गई। टीम ने मस्जिद और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और करीब 1000 बाइक नंबरों की जांच की। आखिरकार सुराग मिला और 8 जुलाई की रात पुलिस ने चोर नूरे आलम को उसकी बाइक समेत जगतपुर पानी की टंकी के पास से गिरफ्तार कर लिया।

कैसे दिया वारदात को अंजाम?

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नूरे आलम, पहले खुद भी उसी फाइनेंस कंपनी में सहनवाज के साथ काम करता था और उसे उनके कामकाज की पूरी जानकारी थी। नूरे को मालूम था कि सहनवाज दोपहर के वक्त मस्जिद में नमाज पढ़ते हैं और बैग बाहर रख जाते हैं। आरोपी ने मौका देखकर उनके पीछे-पीछे मस्जिद तक पहुंचा और जैसे ही बैग छोड़ा गया, तुरंत लेकर फरार हो गया। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक उसने अपने दोस्त कुलदीप से पत्नी की बीमारी का बहाना बनाकर मांगी थी, और पकड़े न जाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट पर काली टेप लगा दी थी।

क्या-क्या बरामद हुआ?

चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक (UP25CD4524)

रेडमी मोबाइल

1 लाख रुपये नकद (आरोपी ने बताया कि 30 हजार खर्च कर चुका है)

टीम को मिली बड़ी सफलता

इस कार्रवाई में थाना बारादरी के प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक अखिलेश उपाध्याय, एसओजी टीम के सदस्य सौरव तोमर, रविन कुमार, बलवेंद्र सिंह और सतपाल सिंह शामिल थे। पुलिस अब आरोपी के अपराध इतिहास की भी जांच कर रही है।

Next Story