उत्तर प्रदेश

Bareilly: कामों की रफ्तार धीमी, अव्यवस्था देख मेयर ने लगाई फटकार

Admindelhi1
11 Dec 2025 3:22 PM IST
Bareilly: कामों की रफ्तार धीमी, अव्यवस्था देख मेयर ने लगाई फटकार
x

बरेली: सीएम ग्रिड योजना के पहले चरण के कामों की रफ्तार पर मेयर डॉ. उमेश गौतम ने बुधवार को मॉडल टाउन क्षेत्र में मौके पर पहुंचकर सख्त नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान कई जगह काम की सुस्ती और अव्यवस्था देखकर मेयर भड़क उठे। खासतौर पर जिस स्थान पर पार्किंग बननी थी, वहां किसी तरह की तैयारी न मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। मॉडल टाउन में सीएम ग्रिडयोजना के पहले चरण का निर्माणाधीन कार्य हो रहा है। बुधवार को मेयर ने साफ निर्देश दिए कि काम की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। निर्माण सामग्री, अधूरे कार्य और साइट मैनेजमेंट की खामियों को एक-एककर जांचा गया। उन्होंने कहा कि परियोजना को मार्च तक हर हाल में पूरा किया जाए। देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने अतिक्रमण पर भी कड़ा रुख अपनाया। दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि समय सीमा मे अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाए। साइट पर मौजूद अधिकारियों को रोजाना प्रगति रिपोर्ट देने और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर देने को कहा गया। मेयर ने कहा कि शहर की प्रमुख योजना होने से इसकी कार्यप्रणाली मे कहीं भी लापरवाही नहीं चलेगी। मेयर के साथ पार्षदपति अतुल कपूर, मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी, सहायक अभियंता मुकेश शाक्य रहे। मेयर डॉ. उमेश गौतम ने बताया जनता से जुड़े विकास कार्यों का अब हर प्रति सप्ताह निरीक्षण किया जाएगा। लेटलतीफी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।।

Next Story