- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bareilly: तलवारबंद...
Bareilly: तलवारबंद बदमाशों ने मचाया तांडव, घर से की लाखों की लूट

बरेली: नेशनल हाईवे से सटे ग्राम कुल्छा खुर्द में बुधवार रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर दहशत फैला दी। तलवारों से लैस नकाबपोश चोरों ने घर में सो रही महिलाओं को धमकाकर सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए और फरार हो गए। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
पीड़ित गुलाब सिंह पुत्र भगवानदास के घर पर यह वारदात हुई। गुलाब सिंह एक बारात में गए हुए थे और घर में उनकी पत्नी लीलावती व दो बेटियां काजल व बिंद्रा सो रही थीं। घर के पास लगे बिजली के पोल के सहारे चोर छत से मकान में दाखिल हुए। उन्होंने पहले एक बड़ा बक्सा टटोला और फिर छोटा बक्सा उठाकर पास के खेत में ले गए। इसी बक्से में रखे सोने की दो अंगूठी, सोने का मंगलसूत्र, 'ओम' लॉकेट, चांदी की पायल, बिछुआ, खंडवा और अन्य कीमती जेवरात चुरा ले गए।
लीलावती ने बताया कि दो नकाबपोश बदमाश तलवारें लिए चौपाई के पास खड़े थे। उन्होंने 'अम्मा' कहकर उसे जगाया। आंख खुलते ही लीलावती ने जैसे ही बदमाशों को देखा, वह डरकर छत की ओर भागी और शोर मचाने लगी। इसी दौरान बदमाश दरवाजा खोलकर मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि चोरों ने गांव के दो अन्य घरों में भी घुसने की कोशिश की, लेकिन लोगों के जाग जाने से वे वहां वारदात नहीं कर सके। ग्रामीणों ने पुलिस से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।





