- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bareilly: निलंबित...
Bareilly: निलंबित शिक्षिका वंदना वर्मा को प्रेमनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया

बरेली: एमबी इंटर कॉलेज की निलंबित शिक्षिका वंदना वर्मा को प्रेमनगर पुलिस ने बुधवार को डीडीपुरम स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। शिक्षिका पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए तीन करोड़ का लोन लेने का आरोप है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बदायूं के आदर्शनगर, थाना सिविल लाइंस निवासी अमित कुमार ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत कर अपनी पत्नी वंदना वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
बैंक लोन घोटाला: बैंक ऑफ बड़ौदा (विकास भवन और पुराना शहर शाखा), यूनियन बैंक (प्रेमनगर), एसबीआई (कुर्मांचल नगर), और गदरपुर (उत्तराखंड) शाखाओं से ₹3 करोड़ का फर्जी लोन लिया।
नौकरी में धोखाधड़ी: असली नियुक्ति पत्र का इस्तेमाल कर गिरोह के सदस्यों के फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार किए।
अनधिकृत विदेश यात्रा: विभागीय अनुमति के बिना विदेश यात्रा की।
शिक्षक पद के नाम पर ठगी: कई लोगों को टीचर की नौकरी का झांसा देकर ठगा।
आरटीओ में भी फर्जीवाड़ा: फर्जी दस्तावेजों का आरटीओ कार्यालय में भी इस्तेमाल किया।
डीआईओएस द्वारा कराई गई विभागीय जांच में वंदना दोषी पाई गई। 23 अक्टूबर 2024 को जांच रिपोर्ट सौंपने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया था, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
बाद में अमित कुमार की शिकायत और एसएसपी के निर्देश पर प्रेमनगर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
प्रेमनगर इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि आरोपी शिक्षिका को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।





