उत्तर प्रदेश

Bareilly: संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी, धार्मिक स्थलों का होगा निरीक्षण

Admindelhi1
21 Jun 2025 5:39 PM IST
Bareilly: संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी, धार्मिक स्थलों का होगा निरीक्षण
x
"संवेदनशील इलाकों में लगाएं पुलिस"

बरेली: आगामी त्योहारों और चुनावों को लेकर बुधवार देर रात पुलिस लाइन स्थित सभागार में एसएसपी अनुराग आर्य ने अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। उन्होंने साफ कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, अफसर धरातल पर उतर कर काम करें। एसएसपी ने कहा कि मोहर्रम के जुलूस, ताजिया रूट और धार्मिक स्थलों का पहले से निरीक्षण कर लिया जाए। जिन इलाकों में तनाव की संभावना है वहां पुलिस बल पहले से तैनात रहे।

ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार नजर रखी जाए। सावन में कांवड़ यात्रा, शिव मंदिरों और गांव गांव से निकलने वाले जत्थों के रूट को लेकर विशेष प्लान बनाएं। नाथ नगरी की परिक्रमा, डीजे पर नियंत्रण और धर्मगुरुओं से सामंजस्य बनाने की जिम्मेदारी भी थानों को सौंपी गई। बैठक में एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी साउथ अंशिका वर्मा और एसपी ट्रैफिक अकमल खान समेत सभी सीओ और थाना प्रभारी मौजूद रहे। एसएसपी ने कहा कि आगामी चुनावों के मद्देनजर सभी अफसर अपने अपने इलाके के संवेदनशील बूथों की लिस्ट तैयार करें और वहां सुरक्षा की पूरी तैयारी रखें। साथ ही पुराने अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाए, ताकि चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो सकें।

खुराफात करने वाले किसी भी अराजक तत्वों को बख्शा न जाए। एसएसपी ने बड़े अपराधों की जांच प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हत्या, लूट, डकैती और महिला अपराध जैसे मामलों में कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं चलेगी। थाने में लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाया जाए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को हिदायत दी कि गैंगस्टर और निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी लाएं। जनता से संवाद और उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए थानों पर नियमित रूप से जनसुनवाई हो। सोशल मीडिया पर फैलने वाली झूठी खबरों और अफवाहों पर पैनी नजर रखें।

Next Story