उत्तर प्रदेश

Bareilly: निर्माण कार्य के चलते बुखारा मोड़ से शार्टकट बंद

Admindelhi1
12 Jun 2025 12:21 PM IST
Bareilly: निर्माण कार्य के चलते बुखारा मोड़ से शार्टकट बंद
x
अब फरीदपुर मे टोल प्लाजा से ही गुजरेंगे वाहन

बरेली: बदायूं से बुखारा होते हुए फरीदपुर निकलने वाले बड़े वाहन चालक अब शार्टकट नही अपना सकेंगे। उन्हें फरीदपुर टोल प्लाजा से ही गुजरना होगा। ऐसा इसलिए एनएच-30 से गौसगंज होते हुए बुखारा जाने वाले मार्ग पर निर्माण कार्य के चलते बड़े वाहनों को प्रतिबंधित किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजीव अग्रवाल ने इस संबंध में एसपी ट्रैफिक को पत्र लिखा है। एक्सईएन ने एसपी ट्रैफिक को लिखे पत्र में कहा है कि सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार की ओर से लिखित मे अवगत कराया कि उक्त मार्ग पर बदायूं की तरफ से आने वाले वाहन बुखारा होते हुए फरीदपुर निकलते है। इनमें अधिकांश बड़े वाहनों की वजह से निर्माण कार्य मे दिक्कत आ रही है। उक्त मार्ग पर तीन स्थानों पर 1100 मीटर में सीसी रोड का कार्य कराया जा रहा है।

मार्ग की एक तरफ नहर की पटरी होने के कारण और यातायात अधिक होने के कारण सीसी मार्ग निर्माण मे भारी वाहनों को प्रतिबंधित किया जाना आवश्यक है। ऐसा नहीं किए जाने से जाम की समस्या उत्पन्न होगी। एक्सईएन ने वाहनों के प्रतिबंधित करने के बाद ही काम सुचारू रूप से होने की बात कही है। दरअसल, एनएच 30 से गौसगंज-सराय-धारमपुर जरौल होते हुए यह मार्ग बुखारा होते हुए बदायूं की तरफ निकलता है। पौने तीन किमी यह सड़क लंबे समय से बदहाल है। दिसंबर 2022 में सड़क की मरम्मत पर 32 लाख रुपये खर्च किए गए थे।

इसके कुछ महीने बाद ही सड़क पर बेशुमार गहरे गड्ढे हो गए थे। अधिकारियों का कहना था कि हैवी ट्रैफिक की वजह से सड़क की दुर्दशा हुई थी। कई बार जर्जर और कटी सड़क पर आमने-सामने से ट्रक आने पर जाम की स्थिति होती थी। पिछले साल पौने तीन करोड़ रुपये का एस्टीमेट शासन को भेजा था। पिछले महीने मंजूरी मिलने के बाद ठेकेदार ने काम शुरू करा दिया है।

Next Story