उत्तर प्रदेश

Bareilly: सर्विस रोड मांग को लेकर धरना

Admindelhi1
24 Jan 2026 1:33 PM IST
Bareilly: सर्विस रोड मांग को लेकर धरना
x

बरेली: फरीदपुर क्षेत्र मे पीतांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर दो साल से ओवरब्रिज का निर्माण कार्य कछुआ गति से किया जा रहा है। इस वजह से पहले से ही बड़ी संख्या में लोग परेशान हैं। सर्विस रोड बनाने के लिए जगह पर्याप्त न होने के बावजूद सेतु निगम ने ओवरब्रिज का निर्माण शुरू करा दिया। सर्विस रोड न बनाए जाने का मामला शासन स्तर पर भी उठ चुका है। मामला सुलझा नहीं कि रेलवे ने ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने से पहले रेलवे क्रॉसिंग बंद करा दी। इससे लोगों की आवाजाही बंद हो गयी। करीब 20 हजार लोगों का इस क्रॉसिंग से आना-जाना था। दिक्कतें शुरू होने पर भारतीय किसान मजदूर यूनियन (राष्ट्रवादी) ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।

संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष करन सिंह यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन करने के बाद नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि रेलवे ने क्रॉसिंग संख्या 352-सी को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के बंद कर दिया। इसका सीधा असर फरीदपुर कस्बे की करीब 20 हजार आबादी के साथ-साथ आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों पर पड़ रहा है। स्कूल, सरकारी दफ्तरों तक पहुंचना लोगों का बेहद मुश्किल हो रहा है। पदाधिकारियों ने कहा कि रास्ता बंद होने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। तहसील, ब्लॉक, न्यायालय, कोतवाली, आईटीआई और डायट जाने वालों को काफी घूमकर पहुंचना पड़ रहा है। डीएम से मांग की कि मंडल रेल प्रबंधक मुरादाबाद और सेतु निगम उत्तर प्रदेश को तत्काल वैकल्पिक रास्ता तैयार करने के निर्देश दें। साथ ही बुखारा रोड, पेट्रोल पंप के सामने नई बस्ती में मकानों के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन को हटाने की भी मांग की। संगठन ने विरासत दर्ज न होने और तूदाबंदी से जुड़े आवेदन वर्षों से लंबित होने का मुद्दा भी उठाया है।

पदाधिकारियों ने कहा कि अगर वैकल्पिक रास्ता नही बनता है तो यूनियन अनिश्चितकाल के लिए धरना प्रदर्शन को बाध्य होगी। प्रदर्शन करने वालों में यूनियन के जिलाध्यक्ष रामसिंह लोधी, मंडल सचिव शिवप्रसाद कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष हरिशरण यादव, बरेली तहसील अध्यक्ष डालचंद राजपूत, जिला सचिव रमनपाल गुड्डू, रवि पंडित, करन सिंह यादव, सुमित यादव, विनोद कुमार, सुभाष, राजेंद्र सिंह शामिल थे।।

Next Story