- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bareilly: किसान के...
Bareilly: किसान के अंतिम संस्कार पर शांति बनाए रखने के लिए तैनात रही पुलिस

बरेली: जनपद के थाना शेरगढ़ क्षेत्र के बैरमनगर के किसान मृतक भूपसिंह के शव का पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव मे शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शेरगढ़, देवरनियां, शीशगढ़, बहेड़ी पुलिस भी मौजूद रही। भूपसिंह की शनिवार रात बांका मारकर खेत पर हत्या कर दी गई थी। पुलिस हत्यारोपियों की सरगर्मी से तलाश मे जुटी है। इस बीच भाकियू टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष दुर्गेश मौर्य ने मुख्यमंत्री को ट्वीट करते हुए किसान की हत्या पर शासन प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है।
रविवार को मृतक का शव गांव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी कुसुमा देवी तथा बेटे और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव मे शोक का माहौल है तथा गलियों मे सन्नाटा पसरा रहा। कई थानों की पुलिस की मौजूदगी मे मृतक किसान के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। थाना पुलिस की टीमें हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दविश में जुटी है। सीओ बहेड़ी डॉ अरुण कुमार सिंह पुलिस के साथ गांव पहुंचे और कई बिंदुओं पर बात की। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़तोड़ दविश दे रही है। हत्यारोपियों को अति शीघ्र गिरफ्तार कर घटना का अनावरण किया जाएगा। वही पुलिस कुछ लोगों को हिरासत मे लेकर पूछताछ कर रही है।





