- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bareilly: नगर निगम...
Bareilly: नगर निगम करेगा डिजिटल विज्ञापन होर्डिंग्स का ठेका आवंटित

बरेली: नगर निगम बरेली में अब विज्ञापन कारोबार का चेहरा बदलने जा रहा है। शहर की सड़कों पर टंगे होर्डिंग्स की दुनिया में बड़ा बदलाव होने वाला है। राज्य सरकार की नई नीति के तहत अब मल्टीनेशनल कंपनियों को इस कारोबार में एंट्री मिलेगी और ठेका भी दो साल के बजाय पूरे 15 साल के लिए दिया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम में संशोधन की तैयारी चल रही है।
अब दो नहीं, पूरे 15 साल का होगा अनुबंध
अभी तक नगर निगम हर दो साल में होर्डिंग्स का टेंडर जारी करता रहा है, जिससे सीमित समय में ही राजस्व आता था। लेकिन अब निगम इसे 15 साल की अवधि के लिए देने की योजना बना चुका है। अधिकारियों का कहना है कि इससे न सिर्फ आय में जबरदस्त इजाफा होगा, बल्कि शहर के विकास कार्यों को भी नई रफ्तार मिलेगी।
सालाना 4.5 करोड़ की आय हो सकती है कई गुना ज्यादा
फिलहाल नगर निगम को विज्ञापनों से सालाना करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की आय होती है। लेकिन नई व्यवस्था लागू होने पर, बड़ी कंपनियों की भागीदारी, अधिक विज्ञापन साइट्स और दरों में बढ़ोतरी से इस आय के कई गुना बढ़ने की उम्मीद है। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत नई उपविधियां बनाई जा रही हैं और जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
डिजिटल होर्डिंग्स बनेंगे नए आकर्षण का केंद्र
इस बार टेंडर प्रक्रिया में नगर निगम ने डिजिटल होर्डिंग्स को तरजीह दी है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल विज्ञापन ज्यादा आकर्षक होते हैं और बड़ी ब्रांड्स को अपनी ओर खींचते हैं। इससे निगम की आमदनी में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी संभव है। नगर निगम अब ऐसे स्थानों को प्राथमिकता से चिन्हित कर रहा है, जहां लोगों की आवाजाही अधिक हो और विज्ञापनदाता रुचि दिखाएं।
नगर आयुक्त बोले - शासन की गाइडलाइन पर होगी कार्रवाई
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि विज्ञापन के टेंडर की प्रक्रिया दोबारा शुरू की जा रही है। यह पूरी तरह शासन की गाइडलाइन के अनुसार होगी। इस बार डिजिटल होर्डिंग्स को केंद्र में रखकर योजना बनाई गई है, जिससे शहर में आधुनिक विज्ञापन संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।





