- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bareilly: सड़क हादसे...
Bareilly: सड़क हादसे में मर्चेंट नेवी शिप इंजीनियर ने गंवाई जान, साथी घायल

बरेली: जिले के कैंट थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में मर्चेंट नेवी के शिप इंजीनियर ऋषि अरविंदो की मौत हो गई, जबकि उनके दोस्त शुभम पाठक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा वीरांगना चौराहे के पास उस समय हुआ जब दोनों स्कूटी से घूमने निकले थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना करने वाले ट्रक की तलाश की जा रही है।
कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 3:45 बजे सेंट मारिया स्कूल के पास सड़क पर एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो सड़क के बीच एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। उसे तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने उसकी तस्वीर विभिन्न व्हाट्सएप समूहों और अन्य माध्यमों से साझा की, जिसके बाद उसकी पहचान ऋषि अरविंदो के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हादसे में ऋषि के साथ उनका दोस्त शुभम पाठक भी मौजूद था, जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। शुभम ने पुलिस को बताया कि रविवार रात दोनों ने साथ भोजन किया था और देर रात स्कूटी से कैंट क्षेत्र में घूमने निकले थे। वीरांगना चौराहे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। होश आने पर शुभम को ऋषि वहां दिखाई नहीं दिए, जिसके बाद वह किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने शुभम से मिली जानकारी के आधार पर ऋषि के परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचकर शव की पहचान की। ऋषि अरविंदो नवादा जोगियान स्थित दुर्गा नगर के निवासी थे और एक निजी शिपिंग कंपनी में मेंटीनेंस इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वह इन दिनों अवकाश पर अपने घर आए हुए थे। क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि दुर्घटना की जांच के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।





