उत्तर प्रदेश

Bareilly: मेंथा तेल निवेश में धोखाधड़ी, रकम हड़पने के बाद जानलेवा हमला

Admindelhi1
19 Nov 2025 1:34 PM IST
Bareilly: मेंथा तेल निवेश में धोखाधड़ी, रकम हड़पने के बाद जानलेवा हमला
x

बरेली: मेंथा कारोबारी ने तेल खरीदकर मुनाफा कराने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब एक करोड़ रुपये लेकर हड़प लिए। पीड़ित ने अपनी रकम मांगी तो बुलाकर साथियों संग जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मामले मे एक नामजद समेत चार पर थाना बारादरी मे मुकदमा दर्ज कराया गया है। इज्जतनगर मे सिद्धार्थ कुंज, फेस-2 वीर सावरकर नगर निवासी आदर्श कुमार अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि एकतानगर निवासी मेंथा कारोबारी जय प्रकाश गंगवार से उनकी करीब पांच साल से जान-पहचान है।

जय प्रकाश कम कीमत पर मेंथा का तेल खरीदकर मूल्य बढ़ने पर बेचने का दावा करता था और उन्हें भी मुनाफा कराने का झांसा दिया। उसकी बातों मे आकर शुरुआत मे उन्होंने 10-15 लाख रुपये इस कारोबार मे लगाए। हर बार जय प्रकाश तेल खरीदकर रामपुर बाग मे राजेंद्र गोटे वाले और मोहित के यहां रख देता था। बिक्री के बाद मुनाफे की रकम दे देता था। आदर्श का कहना है कि विश्वास बन जाने पर करीब साल भर पहले उन्होंने शिव कुमार अग्रवाल से चार बार मे एक करोड़ रुपये लेकर जय प्रकाश को दे दिए। इसके बाद जय प्रकाश ने बताया कि उसने तेल खरीदकर राजेन्द्र गोटे वाले और मोहित गुप्ता के गोदाम मे रख दिया है।

मगर इस बार काफी दिन बीतने के बाद भी जय प्रकाश ने न तो माल बिक्री की जानकारी दी और न ही कोई रकम उन्हें दी। आदर्श का कहना है कि शिव कुमार अग्रवाल से लिए एक करोड़ रुपये वापस करने की जरूरत पड़ी तो उन्होंने जय प्रकाश से तकादा किया। मगर वह टालमटोल करने लगा तो उन्होंने सख्ती से रकम लौटाने को कहा। इस पर 15 नवंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे आरोपी ने रकम देने के लिए उन्हें माडल टाउन बुलाया। वह पहुंचे तो जयप्रकाश ने अपने तीन साथियों के साथ गाली गलौज करते हुए उन पर धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर घायल कर दिया।

Next Story