उत्तर प्रदेश

Bareilly: सियार के हमले से आंवला में हड़कंप, दो महिलाएं जख्मी

Admindelhi1
26 Jun 2025 7:20 PM IST
Bareilly: सियार के हमले से आंवला में हड़कंप, दो महिलाएं जख्मी
x

बरेली: जनपद के थाना आंवला क्षेत्र के बीहट ग्राम पंचायत के मजरा हाजीपुर मे बुधवार सुबह एक सियार ने शौच को जा रही दो महिलाओं पर हमला कर दिया। इसके बाद तीन पशुओं पर भी हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। प्रधान मुकेश यादव ने बताया कि सुबह मजरा हाजीपुर निवासी सौदान सिंह की पत्नी गुड्डो देवी, पड़ोस की महिलाओं के साथ शौच को जा रही थी। इसी बीच कही से एक सियार आया और उसने गुड्डो देवी पर हमला कर दिया। महिलाएं बचाव के लिए चीखने चिल्लाने लगी और वहां से भाग गई।

सियार ने गुड्डो देवी को कई जगह काटकर जख्मी कर दिया। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण पहुंच गए और सियार को भगाया। सियार वहां से भाग कर गांव के दूसरी ओर पहुंच गया, उसने घर के बाहर बंधे पशुओं में अजयवीर सिंह की बछिया, भानुप्रताप सिंह और हरेन्द्र सिंह की एक एक पड़िया को काटकर जख्मी कर दिया। पशुओं के रम्हाने पर ग्रामीण बाहर निकल आए और सियार को भगाया। सियार हाजीपुर से दौड़कर पास के गांव बीहट पहुंच गया। गांव की धनवीर सिंह की पत्नी दुर्वेश खेत में शौच करने जा रही थी।

सियार ने उनके ऊपर हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। ग्रामीणों ने सियार को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह खेतों की ओर भाग गया। वही परिजनों ने दोनों जख्मी महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आंवला मे इलाज के भेजा है। सूचना पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची और पीड़ित परिवारों से बात कर सियार की तलाश की लेकिन उसका कोई पता नही चल सका। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से सजग रहने, बाहर निकलने पर लाठी डंडा और टॉर्च साथ रखने, घरों के दरवाजे बंद रखने, खुलें में न सोने की अपील की। आंवला के गांव रम्पुरा और देवकोला मे 12 सितंबर 2024 को सियार ने हमला कर दोनों गांव के 29 लोगों और चार पशुओं को जख्मी कर दिया था।

Next Story