- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bareilly में गर्मी में...
Bareilly में गर्मी में बिजली संकट, करोड़ों खर्च के बावजूद ट्रिपिंग और फाल्ट से बढ़ी मुसीबत

बरेली: गर्मी में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिले इसके लिए जाड़ों में बिजली लाइनों पर कराए गए करोड़ों रुपये के काम गर्मी शुरू होते ही दम तोड़ने लगे हैं। फाल्ट्र, ट्रिपिंग की समस्या ज्यों की त्यों है। उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं।
शनिवार की रात और रविवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में फाल्ट की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित रही। हरूनगला में पोल टूटकर गिर जाने से बिजली गुल हो गई। किला ओर जगतपुर के साथ सुभाषनगर में फाल्ट और ट्रिपिंग से उपभोक्ता परेशान रहे।
बिजनेस प्लान के तहत 2024 में जाड़ों में करीब 200 करोड़ रुपये से जिले में बिजली व्यवस्था बेहतर करने के लिए काम कराए गए थे। इनमें शहर में करीब 60 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इस पैसे से जर्जर पोल, तार बदले गए। ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई।
बंच लाइनें खींची गईं ताकि गर्मी में उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न हो। गर्मी शुरू होते ही सारी कवायद धराशायी होने लगी। ऐसा कोई दिन नहीं जब फाल्ट और ट्रिपिंग से बत्ती गुल न होती हो। 20 दिनों में करीब 67 ट्रांसफार्मर फुंक गए। पोल गिर रहे हैं। उपभोक्ता मुसीबत झेल रहे हैं।
रविवार की दोपहर हरूनगला क्षेत्र में एक पोल टूटकर गिर गया। जिसके चलते गार्डन सिटी, सुपर सिटी समेत अन्य इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सुभाषनगर सबस्टेशन के तिरुपति बिहार, इंदिरापुरम, राजीव कॉलोनी, मढ़ीनाथ, बदायूं रोड से जुड़े इलाकों में फाल्ट और ट्रिपिंग के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रही। रविवार को किला सबस्टेशन के कुदेशिया फाटक, बाकरगंज, हुसैन बाग,
इंगिलशगंज, खन्नू मोहल्ला, गढी चौकी समेत अन्य मोहल्लों में शनिवार की रात और रविवार को दिन में बिजली का संकट बना रहा। जगतपुर सबस्टेशन के एजाजनगर गौंटिया, पशुपतिनाथ कॉलोनी, सतीपुर, गरीब नवाज मस्जिद, आजादनगर में रविवार की दोपहर को लोकल फाल्ट के चलते बिजली दो से ढ़ाई घंटे तक गुल रही। कुतुबखाना सबस्टेशन और मिशन सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में फेस नहीं आने की समस्या से उपभोक्ता परेशान रहे।





