- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bareilly: स्मार्ट सिटी...
Bareilly: स्मार्ट सिटी के तहत अर्बन हॉट संचालन में बेंगलुरू की कंपनी की एंट्री

बरेली: स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बने अर्बन हॉट के संचालन के लिए एजेंसी तय हो गई है। बेंगलुरू की एक कंपनी को हर साल 6.03 करोड़ रुपये पर टेंडर दिया गया है। इसी माह स्मार्ट सिटी लिमिटेड कंपनी से अनुबंध होगा।
स्मार्ट सिटी कंपनी की ओर से करीब 157.67 करोड़ की लागत से बनवाए गए अर्बन हाट का टेंडर फरवरी में निकाला गया था। टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अफसरों के मुताबिक शर्तों पर खरी उतरने वाली वैग्माइन एंटरप्राइजेज बेंगलुरू से अर्बन हाट चलाने के लिए 30 साल का अनुबंध किया जाएगा। इसी माह अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर कराने की कार्रवाई में अधिकारी जुट गए हैं।
उद्योग विभाग की जमीन पर बने अर्बन हॉट स्थानीय जरी-जरदोजी और हस्तशिल्प कारीगरों को सुविधाएं देने के साथ ही स्मार्ट सिटी कंपनी की आय का जरिया बनेगा। हाट परिसर में बाजार के साथ मनोरंजन का भी इंतजाम किया गया है ताकि लोगों को आकर्षित किया जा सके। स्मार्ट सिटी कंपनी की आय का बड़ा जरिया अर्बन हॉट बनने जा रहा है। हर माह करीब 50 लाख रुपये से अधिक की कमाई होगी।
स्मार्ट सिटी कंपनी ने टेंडर निकाले थे। इसमें चार कंपनियों ने अर्बन हाट चलाने में दिलचस्पी दिखाई थी। इसके बाद अब टेंडर में तकनीकी और फाइनेंशियल बिड की प्रक्रिया की गई । तकनीकी और फाइनेंशियल बिड खुलने में अंकों के आधार पर कंपनी का चयन किया गया है- संजीव कुमार मौर्य, सीईओ
