उत्तर प्रदेश

Bareilly: सावन में सस्ता होगा अंडे के भाव, मांस की खपत में 30 प्रतिशत की गिरावट

Tara Tandi
21 July 2024 10:17 AM GMT
Bareilly: सावन में सस्ता होगा अंडे के भाव, मांस की खपत में 30 प्रतिशत की गिरावट
x
Bareilly बरेली । सावन के पहले सोमवार से ठीक एक दिन पहले बाजार में अंडे के दामों में गिरावट दर्ज की गई। मांस की खपत में भी 30 प्रतिशत की गिरावट आई है। हालांकि इसके दामों में अभी गिरावट नहीं आई है, लेकिन मांस व्यापारियों के अनुसार सोमवार से निश्चित रूप से दामों में गिरावट दर्ज होगी।
बरेली में अंडों की सर्वाधिक बिक्री शहामतगंज मंडी में होती है। यहां छोटी-बड़ी करीब 14-15 दुकाने हैं, जहां होलसेल और रिटेल के दामों में अंडे की बिक्री की जाती है। यहां के थोक अंडा व्यापारी बाबू ने बताया कि अभी वैसे प्रतिदिन करीब ढाई लाख अंडाें की खपत रहती है। सावन की शुरुआत से एक-दो दिन पहले दुकानदारों की ओर से अंडा हटाने की वजह से यह खपत लुढ़क कर करीब डेढ़ लाख प्रतिदिन तक रह जाती है।
सर्दी के मौसम पर यह बढ़कर साढ़े तीन से चार लाख प्रतिदिन तक पहुंच जाती है। रिटेल अंडा व्यापारी समर ने बताया कि शनिवार से ही रिटेल में अंडे के दाम सात रुपये प्रति अंडे से गिरकर छह रुपये पर आ गये, जबकि थोक में अंडा 5 रुपये में मिल रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को अंडे की एक क्रेट 210 रुपये व पेटी, जिसमें 7 क्रेटें होती हैं, 1120 रुपये में बिकी थी। शनिवार को वह पेटी 1080 रुपये में बिकी। सावन में रेट और गिरने की संभावना है।
शुक्रवार को सर्वाधिक बिका मांस
बांसमंडी में थोक रेट पर लगने वाली मांस की मंडी में शनिवार को इक्का-दुक्का खरीददार दिखाई दिये। यहां के थोक मांस व्यापारी अब्दुल ने बताया कि यहां करीब 8-10 दुकानदारों की ओर से मांस की बिक्री की जाती है। रोजाना करीब 50 किलोग्राम चिकन की खपत है। शुक्रवार को यहां अंतिम दिन होने से करीब 80 किलोग्राम तक चिकन बिका। शनिवार को बाजार बिलकुल मंदा रहा। सोमवार से बांस मंडी में मांस की दुकानें बंद रहेंगी। उन्होंने बताया कि जिले में रोज करीब 50 क्विंटल से अधिक मांस की बिक्री होती है, जो अब घटकर 30-40 क्विंटल तक रह गई है। वर्तमान में ब्राॅयलर 220 और देसी मुर्गा 400 रुपये किलो के हिसाब से बिक रहा है।
केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान में भी घटेंगे दाम
सावन में केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान में भी दामों में कटौती की जाएगी। यहां 100 किलो अंडा और मांस की खपत है। इसके दामों को कम करने के लिए प्रबंधन की बैठक सोमवार को आयोजित की जाएगी। कैरी में सावन में स्लाॅटर भी बंद कर दिया जाता है। पूरे माह सिर्फ अंडे की बिक्री की जाती है।
Next Story