उत्तर प्रदेश

Bareilly: भाजपा सदस्यता अभियान के दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ

Admindelhi1
1 Oct 2024 11:21 AM IST
Bareilly: भाजपा सदस्यता अभियान के दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ
x
BJP का सदस्य बनने से इंकार करने पर कर दी पिटाई

बरेली: उत्तर प्रदेश में बरेली के बिथरी ब्लॉक में जारी भाजपा सदस्यता अभियान के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया।

दोनों ओर से कहासुनी के बाद गाली गलौज होने लगी। ब्लाक प्रमुख हरेंद्र पटेल के साथ धक्का मुक्की और हाथापाई हो गई। बवाल बढ़ने पर बिथरी पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। बिथरी थाने में हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

बिथरी ब्लॉक प्रमुख बृजेश कुमारी पति हरेंद्र पटेल के साथ हर सोमवार ब्लॉक परिसर में जनता दरबार लगाती हैं। इसी दौरान, भाजपा सदस्यता अभियान का शिविर भी आयोजित किया गया था, जिसमें हरेंद्र पटेल और उनका भांजा सौरभ भी उपस्थित थे। अहलादपुर प्रधान सियाराम का भतीजा सोनू ब्लॉक में शौचालय से संबंधित सूची जमा करने के लिए आया था।

सौरभ ने सोनू से कहा कि वह पहले भाजपा की सदस्यता ले। इंकार करने पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई और सौरभ ने सोनू की पिटाई कर दी। सोनू ने यह जानकारी अपने चाचा सियाराम को दी, जो अपने साथियों के साथ ब्लॉक परिसर में पहुंचे और सौरभ की पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया।

घटना से ब्लॉक परिसर में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने प्रधान सियाराम, सोनू और उनके चार साथियों को हिरासत में ले लिया है। ब्लाक प्रमुख पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने पार्टी विरोधी नारे लगाए। ग्राम नवदिया झादा निवासी मुनीश पटेल की ओर से बिथरी थाने में अहलादपुर के सोनू, सियाराम साहू, अजय साहू, प्यारे लाल और 15 अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Next Story