उत्तर प्रदेश

Bareilly: गुरु नानक देव के प्रकाश उत्सव पर दिखी श्रद्धा, नगर कीर्तन हुआ रवाना

Admindelhi1
27 Oct 2025 1:20 PM IST
Bareilly: गुरु नानक देव के प्रकाश उत्सव पर दिखी श्रद्धा, नगर कीर्तन हुआ रवाना
x

बरेली: गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को शहर में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। यह नगर कीर्तन नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारा (उत्तराखंड) से आई फूलों से सजी पालकी बस के साथ आरंभ हुआ, जिसमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज को विराजमान किया गया। नगर कीर्तन की अगुवाई गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सुभाष नगर की कमेटी एवं साध संगत के सहयोग से की गई। नगर कीर्तन स्टेशन रोड, कचहरी, चौकी चौराहा, संजय कम्युनिटी हाल, बरेली कॉलेज, नगर निगम, पटेल चौक, हिंद टॉकीज, बटलर प्लाजा आदि स्थानों से होते हुए गुरुद्वारा चौकी चौराहा पर संपन्न हुआ। कीर्तन में पंज प्यारे, कीर्तनी जत्थे, शबद गायन दल और स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए।

रुद्रपुर से आई गतका पार्टी ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। जगह-जगह लंगर सेवा के स्टॉल लगाए गए, जहां सभी धर्मों के लोगों ने श्रद्धा से प्रसाद ग्रहण किया और नगर कीर्तन का स्वागत किया। स्टेज के माध्यम से प्रचारक ताड़ी जत्था ने गुरु नानक देव जी के बताए तीन अमूल्य सिद्धांतों में किरत करो (ईमानदारी से मेहनत करो), नाम जपो (ईश्वर का स्मरण करो), वड छको (जरूरतमंदों की सहायता करो) का संदेश देकर समाज को प्रेरित किया। गुरुद्वारा कमेटी के संरक्षक सुरिंदरजीत सिंह छाबड़ा, अध्यक्ष मनजीत सिंह नागपाल, महासचिव परदमन सिंह, अमरीक सिंह, गुरविंदर सिंह, मिंटू चावला, हरप्रीत सिंह गोलू, साहिब सिंह, भूपिंदर सिंह, हरभजन मोंगा, इंदरपाल सिंह, मिक्की जोहर, रवि अरोरा, किरपाल सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Next Story