उत्तर प्रदेश

Bareilly: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एडीएसआईसी कार्यालय मे स्वास्थ्य अफसरों के साथ बैठक की

Admindelhi1
7 Jun 2025 4:20 PM IST
Bareilly: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एडीएसआईसी कार्यालय मे स्वास्थ्य अफसरों के साथ बैठक की
x
जिला अस्पताल मे होगी हृदय रोग विशेषज्ञ की तैनाती

बरेली: जिला अस्पताल के निरीक्षण के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एडीएसआईसी कार्यालय मे स्वास्थ्य अफसरों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हृदय रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह को आदेश दिया कि वॉक इन इंटरव्यू के माध्यम से हृदय रोग विशेषज्ञ की भर्ती जल्द करें, सरकार ने पांच लाख तक वेतन विशेषज्ञ डॉक्टर को देने का निर्णय लिया है। अगर जरूरत हो तो दो विशेषज्ञ भर्ती करें और एक माह मे 10-10 दिन की सेवाएं अस्पताल में देने लिए निर्धारित करें।

इसके आधार पर ही विशेषज्ञों के वेतन का निर्धारण हो। संस्थागत प्रसव बढ़ाने के भी आदेश दिए है। बैठक के अंत में ब्रजेश पाठक ने सीएमओ को जिले में रिक्त डॉक्टरों के पदों को वॉक इन इंटरव्यू के माध्यम से भर्ती करने के निर्देश दिए। वहीं भीषण गर्मी के प्रकोप के चलते हीट वेव की चपेट में आने वाले मरीजों को त्वरित इलाज और अस्पतालों मे तीमारदारों के ठहरने और ठंडा पानी की भी व्यवस्था करने को कहा है। बैठक के दौरान जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की सुविधाओं पर भी डिप्टी सीएम ने सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह से जानकारी ली। सीएमओ डॉ विश्राम सिंह ने बताया कि जिले में फरीदपुर और नवाबगंज सीएचसी पर ओपीडी और आईपीडी की प्रगति सबसे बेहतर है।

इस पर डिप्टी सीएम ने फौरन सीएमओ से नवाबगंज एमओआईसी का नंबर लगाकर बात की। एमओआईसी डॉ. अमित गंगवार से सवाल किया कि आज कितने मरीज भर्ती है। उन्होंने बताया कि कुल 16 मरीज भर्ती है जिनमें 5 गर्भवती मरीज भी शामिल है। ओपीडी मे दोपहर साढ़े 12 बजे तक 254 मरीजों को परामर्श दिया गया है। डिप्टी सीएम ने एमओआईसी की सरहना करते हुए अन्य को भी इसी प्रकार से प्रेरित करने का निर्देश दिया। वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, डीएम अविनाश सिंह, एडी हेल्थ डॉ. साधना अग्रवाल, एडीएसआईसी डॉ. अलका शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।

Next Story