- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bareilly: हिस्ट्रीशीटर...
Bareilly: हिस्ट्रीशीटर की धमकी से मंदिर कार्यक्रम में खलबली

बरेली: सीबीगंज थाना क्षेत्र में मंदिर परिसर में आयोजित श्रीरामचरित मानस पाठ के बाद प्रसाद वितरण को लेकर दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर गब्बर सिंह ने प्रसाद सबसे पहले उसके घर न पहुंचने पर आयोजन से जुड़े व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट की और ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव ठिरिया ठाकुरान निवासी रुद्रपाल सिंह ने थाना प्रभारी प्रदीप चतुर्वेदी को दी तहरीर में बताया कि उनके घर के सामने स्थित शिव मंदिर में एक फरवरी को माघ पूर्णिमा के अवसर पर श्रीरामचरित मानस पाठ का आयोजन किया गया था। पाठ के समापन के बाद प्रसाद वितरण और कन्या भोज कराया गया था।
आरोप है कि उसी रात करीब आठ बजे गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर शिवकुमार सिंह उर्फ गब्बर सिंह अपने साथी इंद्रपाल सिंह के साथ तमंचा और लाठी लेकर गाली-गलौज करते हुए रुद्रपाल के घर में घुस आया। गब्बर सिंह ने आरोप लगाया कि मंदिर कार्यक्रम का प्रसाद सबसे पहले उसके घर क्यों नहीं पहुंचाया गया और भंडारे में उसके लोगों को पहले भोजन क्यों नहीं कराया गया।
पीड़ित के अनुसार, गब्बर सिंह ने धमकी दी कि अब जब भी मंदिर में कोई धार्मिक कार्यक्रम होगा, तो प्रसाद सबसे पहले उसके घर पहुंचाया जाएगा। ऐसा न करने पर उसने ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी भी दी। रुद्रपाल और उसके परिजनों ने समझाने का प्रयास करते हुए कहा कि मंदिर में भंडारा नहीं बल्कि केवल कन्या भोज कराया गया था और घर में मेहमान मौजूद हैं, इसलिए गाली-गलौज न की जाए।
इस पर आरोपियों ने रुद्रपाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह पीड़ित को दबंगों के चंगुल से छुड़ाया। जाते-जाते आरोपी यह धमकी देते हुए फरार हो गए कि यदि वह दोबारा रास्ते में मिला तो जान से मार देंगे। घटना के बाद से पीड़ित परिवार और गांव के लोग दहशत में हैं।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि हिस्ट्रीशीटर गब्बर सिंह पूर्व सांसद के बहनोई और एक प्रधान पर पहले भी हमला कर चुका है तथा उनके घर को बम से उड़ाने की धमकी दे चुका है। इसके बावजूद वह क्षेत्र में खुलेआम दबंगई करता आ रहा है।
इस संबंध में थाना प्रभारी प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।





