- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bareilly: लेखपाल और...
Bareilly: लेखपाल और गैंग पर रंगदारी व जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज

बरेली: निलंबित चकबंदी लेखपाल सावन कुमार और उसके गैंग ने जमीन कब्जाने के बाद मालिक से 15 लाख रुपये की रंगदारी वसूली और अब 50 लाख रुपये की फिरौती मांग रहे हैं। विरोध करने पर पीड़ित के साथ मारपीट कर जान से मारने की कोशिश की गई। आईजी डॉ. राकेश सिंह के आदेश पर थाना कैंट पुलिस ने 10 नामजद समेत 15 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित का आरोप: जमीन पर कब्जा कर 15 लाख की वसूली, अब 50 लाख की मांग
पुराना शहर, कांकरटोला निवासी इमरान खां ने आईजी को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 2005 में थाना कैंट क्षेत्र के मोहनपुर में जमीन खरीदी थी और तब से वे वहां काबिज हैं। 2020 में चकबंदी लेखपाल सावन कुमार की तैनाती हुई और तभी से उसकी नजर उनकी जमीन पर थी।
सावन कुमार और उसके गैंग के सदस्य-इलियास खां, इदरीश खां, इसरार खां, शमशेर खां, शमशाद खां, मोबिन खां, शाइस्ता, रईस मियां, नईम खां, नदीम खां और पांच अज्ञात लोग—पीड़ित पर जमीन बेचने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर गैंग ने जबरदस्ती जमीन पर कब्जा कर लिया।
पुलिस ने कब्जा मुक्त कराया, फिर भी जारी है धमकी और रंगदारी वसूली
पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद थाना कैंट पुलिस ने राजस्व टीम की मदद से कब्जा हटवा दिया और वे दोबारा अपनी जमीन पर काबिज हो गए।
लेकिन हाल ही में सावन कुमार गैंग के लोग फिर से आए, गुंडागर्दी करते हुए जबरन 15 लाख रुपये वसूल लिए। इसके बावजूद 16 फरवरी को शाम 5 बजे आरोपी दोबारा जमीन पर पहुंचे और डंडों से पीटा, गला दबाया और जान से मारने की कोशिश की।
फायर मिस होने पर भी नहीं रुके हमलावर
इमरान खां का आरोप है कि हमलावरों ने उनका गला दबाकर मुंह में नाल डालकर तमंचा चलाया, लेकिन फायर मिस हो गया। किसी तरह वे बचकर भागे, तो आरोपियों ने दूसरा फायर भी कर दिया।
आरोपियों ने अब 50 लाख रुपये की और रंगदारी मांगी है और जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





