उत्तर प्रदेश

Bareilly: सिपाही का शव कमरे मे खून से लथपथ मिला

Admindelhi1
12 Jun 2025 12:14 PM IST
Bareilly: सिपाही का शव कमरे मे खून से लथपथ मिला
x
पत्नी और बेटी मौके से गायब

बरेली: जनपद के थाना सुभाषनगर क्षेत्र के मढ़ीनाथ मे एक किराये के मकान मे कमरे मे सिपाही मुकेश कुमार त्यागी का खून से लथपथ शव मिला है। सिपाही के सिर मे चोट लगी हुई थी। सिपाही की पत्नी और बेटी गायब है। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके पर जांच की। पुलिस जांच मे आया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। सुभाषनगर इंस्पेक्टर अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार दोपहर 3:30 बजे सूचना मिली कि मढ़ीनाथ चौकी के पास वीरेंद्र पाठक के मकान मे किराये पर रहे 38 वर्षीय सिपाही मुकेश कुमार त्यागी की मौत हो गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किए। जानकारी मिलने पर एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी मानुष पारीक, सीओ द्वितीय अजय कुमार और फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंच कर साक्ष्य एकत्र किए।

उन्होंने बताया कि मुकेश के सिर में चोट का एक गहरा घाव मिला है। संभवतः उसके कारण या अत्यधिक खून बहने के कारण सिपाही की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम गुरुवार को होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। सिपाही मुकेश कुमार के परिजनों को पुलिस ने सूचित कर दिया है। परिजन देर रात तब बरेली पहुंच जाएंगे। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पुलिस ने जब सिपाही की पत्नी को फोन से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। वह घर पर भी मौजूद नही थी।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि उनकी बेटी और पत्नी साथ रहती थी, लेकिन वे लोग पुलिस को नहीं मिले। जिस स्थान पर शव मिला है, उस स्थान पर आसपास भी खून के धब्बे मिले हैं। वहीं कोने पर भी खून लगा है। संभवतः उसी कोने से टकराने के कारण सिपाही का सिर फट गया होगा। ऐसा लग रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ होगा, जो धक्का-मुक्की तक पहुंच गया होगा। धक्का लगने से सिपाही के दीवार या कोने से टकराने से चोट लगी होगी। कोने पर टाइल्स लगी हैं। वहां भी खून का धब्बा मिला है। फॉरेंसिक टीम ने खून का नमूना ले लिया है। यदि परिजन तहरीर देते हैं तो उसी आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।

Next Story