- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bareilly: होली पर...
Bareilly: होली पर प्रशासन अलर्ट, सीसीटीवी से होगी सख्त निगरानी

बरेली: होली और रमजान को लेकर मंगलवार को जीआईसी ऑडिटोरियम मे पीस कमेटी की बैठक हुई। डीएम अविनाश सिंह व एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी त्योहार सौहार्द्र से मनाने की अपील की। कहा कि सोशल मीडिया की प्रत्येक पोस्ट पर पुलिस की नजर है। खुराफातियों से पुलिस सख्ती से पेश आएगी। बैठक मे एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि सभी के सहयोग व सामंजस्य से त्योहार संपन्न होंगे। सभी स्थानों पर होलिका सुरक्षा समिति बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी समय से पहले होलिका दहन न करे और न ही किसी का सामान उसमें डालकर माहौल खराब कर सके।
डीएम अविनाश सिंह ने निर्देश दिए की पुलिस व प्रशासन के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर समस्याएं देखकर उनका निस्तारण कराए। भौजीपुरा व मीरगंज में छोटे बच्ची की पानी में डूबने से मृत्यु होने की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने बच्चों का ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि गोपनीय सर्वे कराकर पांच या पांच से ज्यादा गंभीर धाराओं वाले अपराधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। अगर कोई माहौल बिगाडने का प्रयास करेगा तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि जुलूस मार्ग का भ्रमण कर प्रतिदिन पैदल गश्त की जाए। पिछले साल होली पर यूपी 112 पर मिली विवाद की सूचनाओं की भी समीक्षा करें।
एसएसपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर 24 घंट नजर रखी जा रही है, गलत पोस्ट करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने पुरानी हो चुकी पीस कमेटियों का फिर से गठन कराने की भी बात कही। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम एफआर संतोष सिंह समेत पुलिस-प्रशासन के तमाम अफसर, संभ्रांत नागरिक, पीस कमेटी के सदस्य थे।





