उत्तर प्रदेश

Bareilly: रमजान और होली एक दिन पड़ने से प्रशासन सतर्क

Admindelhi1
10 March 2025 2:38 PM IST
Bareilly: रमजान और होली एक दिन पड़ने से प्रशासन सतर्क
x
"दरगाह आला हजरत से जारी हुई एडवायजरी"

बरेली: इस साल रमजान के पाक महीने में खास जुमे के दिन होली का त्योहार पड़ने से प्रशासन के साथ-साथ धार्मिक संगठनों की भी सतर्कता बढ़ गई है। शासन-प्रशासन पूरी तरह चौकस है, वहीं धार्मिक हस्तियां भी सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील कर रही हैं।

दरगाह आला हजरत से कौम के नाम पैगाम: सुन्नी सूफी बरेलवी विचारधारा के प्रमुख केंद्र मरकज़-ए-अहले सुन्नत दरगाह आला हजरत बरेली शरीफ के प्रमुख हजरत अल्लामा सुब्हान रज़ा खान सुब्हानी मियां ने कौम के नाम एक एडवायजरी जारी की।

उन्होंने कहा कि रमजान का महीना हर मोमिन के लिए इज्जत, एहतिराम और बरकत से भरा होता है। इस दौरान हर मुसलमान को ज्यादा से ज्यादा नेकियां कमाने और गरीबों की मदद करने पर ध्यान देना चाहिए। यह झगड़े-फसाद से दूर रहने और बेसहारा लोगों की मदद करने का समय है।

एहतियात बरतने की सलाह: हजरत सुब्हानी मियां ने कहा कि हर मुसलमान को पाक-साफ कपड़े पहनकर इबादत करनी चाहिए। चूंकि इस साल रमजान और जुमे के दिन होली का त्योहार भी मनाया जा रहा है, इसलिए रंगों से बचाव जरूरी है। अपने लिबास, नमाज के कपड़ों और पाकी का ध्यान रखें। बिला जरूरत उन रास्तों या जगहों पर जाने से बचें, जहां रंग खेला जा रहा हो। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में तयशुदा समय पर ही नमाज अदा करें।

जहां मिली-जुली आबादी हो या रोड किनारे स्थित मस्जिदों के पास होली का जुलूस निकलता हो, वहां अहले मोहल्ला और मस्जिद के उलेमा से सलाह लेकर जुमे की नमाज का समय 2:30 बजे (ढाई बजे) कर लेना बेहतर रहेगा।

प्रशासन भी अलर्ट: प्रशासन भी इस संवेदनशील मौके को ध्यान में रखते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रख रहे हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील: सभी से धार्मिक सौहार्द और संयम बनाए रखने की अपील की गई है ताकि रमजान और होली दोनों त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जा सकें।

Next Story