उत्तर प्रदेश

Bareilly: बुर्का पहनकर महिला से लूटपाट कर घायल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Admindelhi1
8 Jun 2025 1:21 PM IST
Bareilly: बुर्का पहनकर महिला से लूटपाट कर घायल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
x

बरेली: शाही थाना पुलिस ने महिला को घायल कर उसके कुंडल और पाजेब लूटने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के पास से लूटा गया सामान, वारदात में प्रयुक्त हथियार और बुर्का भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामबाबू निवासी ग्राम टियूलिया, थाना फतेहगंज पश्चिमी के रूप में हुई है। उसे मुखबिर की सूचना पर रसूलिया मोड़ के पास से पकड़ा गया। उसके पास से पीली धातु के कुंडल, सफेद धातु की पाजेब, एक मोबाइल फोन, एक छुरी, बुर्का और दुपट्टा बरामद हुए।

यह लूट की वारदात 26 मार्च 2025 को शाही थाना क्षेत्र के ग्राम दौद आलमपुर में हुई थी। पीड़िता जंगल में चारा लेने जा रही थी, तभी रामबाबू और उसके साथी करन ने बुर्का पहनकर रास्ता पूछने के बहाने महिला को रोका। विरोध करने पर आरोपी ने महिला पर छुरी से हमला कर उसे घायल कर दिया और कुंडल-पाजेब लूटकर फरार हो गया।

पहले भी दर्ज है मुकदमा: पुलिस जांच में सामने आया है कि रामबाबू का आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ फतेहगंज पश्चिमी थाने में पहले से एक केस दर्ज है।

इस पूरी कार्रवाई में एसओजी बरेली प्रभारी निरीक्षक और शाही थानाध्यक्ष अमित कुमार की टीम शामिल रही। पुलिस अब उसके फरार साथी करन की तलाश कर रही है।

Next Story