उत्तर प्रदेश

Bareilly: सुबह की छापेमारी में 77 बिजली चोरों की पहचान, FIR दर्ज

Admindelhi1
16 Jun 2025 2:39 PM IST
Bareilly: सुबह की छापेमारी में 77 बिजली चोरों की पहचान, FIR दर्ज
x

बरेली; बिजली चोरी रोकने के लिए शनिवार सुबह मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्र में मार्निंग रेड की गई। जिसमें 77 जगह टीम ने बिजली चोरी पकड़ी। चोरी करने वालों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। फतेहगंज पश्चिमी मे बिजली विभाग ने शनिवार को बिजली चोरी और बकाया बिल के खिलाफ अभियान चलाया। नंदोसी उपकेंद्र क्षेत्र में विभाग की टीम ने सुबह से चेकिंग अभियान शुरू किया। टीम ने 175 कनेक्शनों की जांच की। इनमें से 12 उपभोक्ताओं का विद्युत भार बढ़ाया गया।

बिजली चोरी के आरोप में कई उपभोक्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बिल बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए और मीटर बाहर शिफ्ट किए गए। एसडीओ फतेहगंज पश्चिमी अंकित द्विवेदी ने कहा कि चेकिंग में कई बिजली चोरी के मामले मिले हैं और यह अभियान जारी रहेगा। इससे बिजली चोरी पर अंकुश लगेगा और राजस्व वसूली में सुधार होगा। जेई रमेश चंद्र गौतम के अनुसार विभाग की टीम क्षेत्रों में निगरानी कर रही है। लोगों को बिजली चोरी के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया है। अभियान में एसडीओ मीरगंज निखिल जायसवाल, एसडीओ नवाबगंज राजेंद्र सिंह, एसडीओ रिठौरा अरुण कुमार समेत कई अधिकारी शामिल रहे। विभाग ने उपभोक्ताओं से ईमानदारी से बिजली उपयोग करने की अपील की है।

नियम तोड़ने पर भविष्य में भी कार्रवाई की चेतावनी दी है। वही ग्रामीण क्षेत्र के प्रथम, द्वितीय, आंवला और बहेड़ी डिवीजन में अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में हाई लाइन लॉस एवं हॉटस्पॉट क्षेत्रों में मॉर्निंग रेड और कांबिंग की गई। इस दौरान 659 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन चेक किए गए, जिसमें 43 का विद्युत भार बढ़ाया गया और 38 उपभोक्ताओं के मीटर बदले गए। इसके अलावा 56 मकानों में बिजली चोरी पकड़ी गई। बकाया बिजली बिल होने पर 237 उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा गया।

इस दौरान 7.20 लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई। इसके अलावा विद्युत नगरीय वितरण मंडल शहर में भी चेकिंग के दौरान 115 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन चेक किए। जिसमें 21 लोगों पर बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

Next Story