- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bareilly: दो वक्फ...
Bareilly: दो वक्फ संपत्तियों की वर्तमान स्थिति जानने निगम ने भेजा सर्वे दल

बरेली: नगर निगम के रिकार्ड में करीब 81 साल से दर्ज वक्फ की दो संपत्तियों के बारे में जानकारी देने के लिए डेढ़ साल पहले की गई शिकायत पर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं की है। तत्कालीन नगर आयुक्त द्वारा गठित कमेटी की जांच पर सवाल उठाते हुए अंजुमन इस्लामिया बजरिया पूरनमल के सचिव खुर्शीद महमूद उर्फ इशरत मिर्जा ने अब अपर आयुक्त प्रशासन से लिखित शिकायत की है। अपर आयुक्त प्रशासन प्रीति जायसवाल ने जिलाधिकारी को जांच कराने के लिए मामला भेजा था। इस पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने एसडीएम सदर सहित अन्य अफसरों से रिपोर्ट मांगी है।
अंजुमन इस्लामिया बजरिया पूरनमल के सचिव खुर्शिद महमूद उर्फ इशरत मिर्जा ने 16 मई को अपर आयुक्त प्रशासन से लिखित शिकायत की। इसमें कहा गया है कि भवन 36/84 और 38/85 मोहल्ला कहरवान के संबंध में संस्था लम्बे समय से मांग कर रही है कि यह बताया जाए कि उक्त दोनों भवन (नगर निगम रिकार्ड में 1944 से दर्ज हैं) मौके पर कहां हैं, इन दोनों भवनों पर कर की बड़ी राशि भी बकाया है। इस संबंध में पूर्व नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने 8 दिसंबर 2023 को कमेटी गठित कर 7 दिनों में जांच प्रस्तुत करने का आदेश दिया था। अपर नगर आयुक्त तृतीय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी व सहायक लेखाधिकारी सदस्य को शामिल करते हुए कमेटी गठित की थी।
पत्र में यह भी कहा गया है कि नगर निगम के वर्तमान रिकार्ड से स्पष्ट है कि इसमें तमाम फेरबदल किया गया है, जिससे वक्फ को काफी क्षति पहुंच रही है। 7 जून 2024 को भी प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन नगर निगम नेे अभी तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया है। उन्होंने जांच कर दोनों भवनों की स्थिति से स्पष्ट कराने की मांग की ताकि वक्फ और नगर निगम दोनों को क्षति से बचाया जा सके।





