उत्तर प्रदेश

Barabanki: नाले में डूबकर दो सगी बहनों की मौत

Admindelhi1
28 July 2025 7:26 PM IST
Barabanki: नाले में डूबकर दो सगी बहनों की मौत
x

बाराबंकी: जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना में दो सगी बहनों की नाले में डूबकर मौत हो गई। छोटी बहन को बचाने के प्रयास में बड़ी बहन ने भी जान गंवा दी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों बहनें प्राथमिक विद्यालय की छात्राएं थीं।

मोबाइल लाने गई थीं दोनों बहनें

ग्राम तुलसीपुर मजरा पर्वतपुर निवासी सुनील कुमार वर्मा मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रविवार सुबह वे हरक्का गांव स्थित खेत में खाद डालने गए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी सुशीला ने बेटियों कंचन (14) और सौम्या (11) को आंगनबाड़ी केंद्र से राशन और खेत से मोबाइल फोन लाने के लिए भेजा। दोनों बहनें मोबाइल लेकर घर लौट रही थीं।

नाले में फिसलकर डूब गईं दोनों

घर लौटते समय हरक्का प्राथमिक विद्यालय के पीछे एक गहरे नाले को पार करते वक्त एक बहन का पैर फिसल गया और वह पानी में डूबने लगी। छोटी बहन को बचाने के प्रयास में दूसरी बहन भी नाले में जा गिरी। दोनों गहरे पानी में समा गईं।

मोबाइल मिला, तब हुआ शक

दोपहर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने दोनों की तलाश शुरू की। नाले के किनारे एक मोबाइल मिलने के बाद शंका गहराई। ग्रामीणों ने खोजबीन की तो कुछ देर बाद दोनों के शव पानी में उतराते हुए मिले। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृत बच्चियां प्राथमिक विद्यालय हरक्का में कक्षा तीन और दो में पढ़ती थीं। अब परिवार में सबसे छोटी बहन नेहा (6) और एक साल का भाई सूर्यवंश बचा है।

थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद शुक्ला ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहसीलदार विपुल सिंह ने बताया कि मौके पर राजस्व टीम भेजी गई है। रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

तालाब में डूबने से युवक की मौत

फतेहपुर: मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के गांव गौरा सैलक निवासी नौमीलाल (32) पुत्र श्रीपाल रविवार सुबह बकरी चराने निकले थे। घर से महज तीस मीटर दूर स्थित तालाब के किनारे उनका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में जा गिरे।

पास के ग्रामीणों ने जब शोर मचाया तो कुछ युवकों ने बहादुरी दिखाते हुए तालाब में छलांग लगाई और उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और युवक की मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया।

Next Story