उत्तर प्रदेश

Barabanki: दो अलग-अलग सड़क हादसों में वृद्धा और रिटायर्ड फौजी की मौत, तीन घायल

Admindelhi1
14 April 2025 4:11 PM IST
Barabanki: दो अलग-अलग सड़क हादसों में वृद्धा और रिटायर्ड फौजी की मौत, तीन घायल
x
"सेना से सेवानिवृत्त एक जवान की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु"

बाराबंकी: जिले में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। एक हादसे में सरकारी शिक्षिका की 80 वर्षीय मां की मौत हो गई, जबकि दूसरे में सेना से सेवानिवृत्त एक जवान की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। दोनों घटनाओं में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रामसनेहीघाट क्षेत्र में अयोध्या दर्शन से लौट रही एक कार नारायणपुर के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में लखनऊ इंदिरा नगर निवासी शिक्षिका रीतू खन्ना (40) की मां संतोष खन्ना (80) की मौत हो गई, जबकि शिक्षिका पूनम सिंह (37), कार चालक दिनेश यादव (50) और अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के समय सभी लोग अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही रामसनेहीघाट थाने के प्रभारी निरीक्षक अंकित त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी भेजा। वहां संतोष खन्ना को मृत घोषित कर दिया गया और अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

मसौली क्षेत्र में गोंडा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिंदौरा चौराहा के पास सेना से रिटायर्ड पवन पांडेय (पुत्र शिवनारायण), निवासी भानपुर बाजार, गोंडा को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। वह बाइक से लखनऊ की ओर जा रहे थे।

हादसे में पवन की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची मसौली पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Next Story