उत्तर प्रदेश

Barabanki: विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, दहेज हत्या का आरोप

Admindelhi1
30 July 2025 4:58 PM IST
Barabanki: विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, दहेज हत्या का आरोप
x

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से दहेज उत्पीड़न से जुड़े दो सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। एक मामले में विवाहिता फांसी के फंदे से संदिग्ध परिस्थितियों में लटकी हुई मिली, वहीं दूसरे मामले में एक नवविवाहिता को कथित रूप से ज़हरीली दवा पिलाकर मारने का प्रयास किया गया। दोनों ही मामलों में पीड़ितों के मायके पक्ष ने दहेज न मिलने को मुख्य कारण बताया है। पुलिस ने दोनों घटनाओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

फांसी से लटकी मिली विवाहिता, ससुरालियों पर हत्या का आरोप

घटना बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के गांव अमेरा की है। यहां की रहने वाली पिंकी (27) की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व सिंगहा गांव निवासी पिंकेश वर्मा से हुई थी। मंगलवार तड़के पिंकेश ने पिंकी के पिता को फोन कर बताया कि उनकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

जब पिंकी के पिता नान्हू और परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि फांसी से लटकती पिंकी के पैर जमीन को छू रहे थे, जिससे आत्महत्या पर सवाल खड़े हो गए। परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने के कारण पिंकी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप दिया गया। बताया गया कि एक दिन पहले ही ससुराल में उसका झगड़ा हुआ था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विवाहिता को ज़हर देने का आरोप, हालत नाजुक

दूसरी घटना जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव लालापुर मजरा पिपरौली की है, जहां रहने वाले केशवराम वर्मा की बेटी गुड़िया की शादी चार साल पहले फतेहपुर थाना क्षेत्र के देवखरिया गांव निवासी सर्वेश कुमार से हुई थी।

पीड़िता के पिता का आरोप है कि 24 जुलाई की शाम गुड़िया के पति, ननद और एक रिश्तेदार ने दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर गुड़िया के साथ मारपीट की और जबरन खेतों में छिड़कने वाली जहरीली दवा 'पैराक्वाट' पिला दी।

गंभीर हालत में गुड़िया को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे लखनऊ स्थित लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल गुड़िया की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

परिजनों ने सर्वेश कुमार, मीरा वर्मा और नरेंद्र के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर लिए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। जिले में दहेज उत्पीड़न के बढ़ते मामलों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Story