- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Barabanki: विदाई से...
Barabanki: विदाई से पहले कुल देवता अलग होने पर टूटी शादी

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां विदाई से पहले वर-वधू पक्ष के कुल देवता अलग होने की बात सामने आने पर शादी तोड़ दी गई। जयमाल और सात फेरे होने के बावजूद सुबह विदाई के समय यह विवाद खड़ा हुआ, जो थाने तक पहुंचा। पूरे दिन चली पंचायत के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से शादी रद्द कर दी।
शादी के बाद विदाई से पहले मचा हंगामा
मामला सफदरगंज थाना क्षेत्र के रुदौली गांव का है। यहां गिरधारी की बेटी रंजना की शादी असंद्रा क्षेत्र के तेलमा मजरे पारा इब्राहिम गांव निवासी गंगाराम रावत के बेटे आशीष कुमार से तय हुई थी। रविवार को धूमधाम से बारात आई, भव्य स्वागत हुआ और शादी की सभी रस्में पूरी की गईं। जयमाल और सात फेरे भी संपन्न हो गए। लेकिन सोमवार सुबह विदाई के समय अचानक विवाद खड़ा हो गया।
कुल देवता अलग होने पर वधू पक्ष ने किया विरोध
विदाई से ठीक पहले किसी ने ध्यान दिलाया कि वर और वधू पक्ष के कुल देवता अलग-अलग हैं। यह सुनते ही वधू पक्ष नाराज हो गया। रंजना के मामा रामनेवाज का आरोप था कि वर पक्ष ने इस जानकारी को छिपाया और उन्हें धोखा दिया। इससे नाराज होकर उन्होंने शादी तोड़ने का ऐलान कर दिया और शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग रख दी।
दोनों पक्ष पहुंचे थाने, पूरे दिन चली पंचायत
मामला बढ़ता देख दोनों पक्ष सफदरगंज थाने पहुंच गए। वर पक्ष ने वधू पक्ष पर शादी के जेवर हड़पने का आरोप लगाया, जबकि वधू पक्ष ने शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग की। पूरे दिन चली पंचायत के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से शादी रद्द करने का फैसला किया।





