- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Barabanki: पिकअप की...

बाराबंकी: जिले के टिकैतनगर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकली तीन बच्चियों को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में सात साल की पलक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चियां घायल हो गईं। हादसा टिकैतनगर कोतवाली के सामने भगत सिंह पार्क के पास हुआ।
कोतवाली प्रभारी रत्नेश पांडे के अनुसार, सरावगी मोहल्ला निवासी राधे कनौजिया की बेटी पलक (7) अपनी सहेलियों रानी (8) और शिवांशी (9) के साथ सुबह टहलने निकली थी। तभी डीजे साउंड सिस्टम से लदा एक पिकअप वाहन तेज रफ्तार में आया और तीनों को पीछे से टक्कर मारते हुए कुचलता चला गया।
थाना पास होने की वजह से पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने पलक को मृत घोषित कर दिया, जबकि रानी और शिवांशी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से भागते पिकअप वाहन का करीब 12 किलोमीटर पीछा किया और बदोसराय थाना क्षेत्र में उसे पकड़ लिया। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन वाहन मालिक को हिरासत में लेकर पिकअप जब्त कर ली गई है। पलक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फरार चालक की तलाश जारी है।





