उत्तर प्रदेश

Barabanki: गोल्ड लोन के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप

Admindelhi1
16 Jun 2025 11:09 AM IST
Barabanki: गोल्ड लोन के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप
x
बैंक मैनेजर समेत चार लोगों पर केस दर्ज

बाराबंकी: बदोसराय थाना क्षेत्र के मरकामऊ गांव स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में गोल्ड लोन के नाम पर धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने बैंक मैनेजर समेत चार लोगों के खिलाफ सोने के गहने हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है।

पीड़ित नसरुद्दीन का आरोप है कि करीब दो साल पहले वह बृजेश कुमार के साथ बैंक में गोल्ड लोन लेने गया था। बैंक परिसर के बाहर उसे बरौलिया गांव निवासी गोविंद मिला, जिसने खुद को बैंककर्मी बताते हुए फॉर्म भरवाया और नसरुद्दीन से एक सोने का हार और चार कंगन लेकर बदले में एक लाख रुपये नकद दे दिए।

ग्यारह महीने बाद जब नसरुद्दीन लोन की जानकारी लेने बैंक पहुंचा, तो शाखा प्रबंधक वैभव यादव ने बताया कि लोन की राशि 1.45 लाख रुपये है। जब उसने अतिरिक्त 45 हजार रुपये के बारे में सवाल किया, तो बृजेश तिवारी ने जल्द भुगतान करने का भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में टालमटोल करता रहा। कुछ समय बाद यह राशि बढ़कर 1.62 लाख रुपये हो गई।

नसरुद्दीन ने चेक के जरिए पूरी रकम चुका दी, लेकिन फिर भी उसके गहने वापस नहीं किए गए। 15 मई को जब वह एक बार फिर गहनों की मांग करने बैंक पहुंचा, तो आरोप है कि मौजूद लोगों ने उससे अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बैंक मैनेजर वैभव यादव, बृजेश तिवारी, गोविंद वर्मा और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next Story